Betul News: फायरिंग करने वाले रेत कारोबारी पुलिस गिरफ्त से दूर
Betul News: The sand trader who opened fire is away from the police.

फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का किया मुआयना
Betul News: बैतूल। शाहपुर में लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग की घटना में पुलिस अभी तक आरोपियों तक पहुंच नहीं बना पाई है। रविवार पुलिस की फारेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया है। इधर रेत का कारोबार कर रही कंपनी ने भी अपने हाथ खड़े कर यह स्पष्ट कर दिया है कि आरोपी और फरियादी से उनका कोई कनेक्शन नहीं है।
घटना को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष ने भी नाराजगी की है। उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर आपराधिक प्रवृत्ति के रेत कर्मचारियों को शाहपुर थाना क्षेत्र से बाहर किए जाने की मांग की है। गौरतलब है कि फायरिंग में फरियादी राजेश विश्वकर्मा के पैर में गोली लगी थी।

शाहपुर थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर ने बताया कि रेत कारोबार के लेन-देन को लेकर फायरिंग के बाद आरोपी केदार औऱ गिरिराज कुशवाह मौके से फरार हो गए। दोनों आरोपी भोपाल के रहने वाले हैं। जिन लोगों ने फरियादी राजेश विश्वकर्मा पर गोली चलाई थी। सूचना मिलने के बाद घायल राजेश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था। मौके से कारतूस के तीन खोखे जब्त किए गए हैं। घटना के बाद से ही दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। सुबह फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
ठेकेदार ने किए हाथ खड़े, नगर परिषद अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन
रेत के कारोबार से संबंधित फायरिंग की इस घटना के घटित होने के बाद रेत कम्पनी परम डिस्ट्रीब्यूटर ने घटना को लेकर अपने हाथ खड़े कर दिए हैं। जानकारी मिली है कि कंपनी ने आरोपी और फरियादी से अपने कोई भी सम्बंध होने से इनकार कर दिया है। कम्पनी का साफ कहना है कि घटना में शामिल फरियादी और आरोपियों में से कोई भी न उनका कर्मचारी है और न ही उनसे कम्पनी का कोई कारोबारी संबंध है।
इधर घटना के बाद नगर परिषद अध्यक्ष रोहित नायक ने नाराजगी जाहिर करते स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि रेत करोबार से जुड़े जितने भी आपराधिक प्रवृत्ति के कर्मचारी क्षेत्र में मौजूद हैं। उन्हें चिन्हित कर तत्काल क्षेत्र के बाहर का रास्ता दिखाया जाए, ताकी क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहा सके।




