Pandit Pradeep Mishra: Video: कथा वाचक पं प्रदीप मिश्रा ने ताप्ती मैय्या के खिलाफ की गलत टिप्पणी से मचा बवाल
Pandit Pradeep Mishra: Storyteller Pandit Pradeep Mishra created an uproar with his wrong comment against Tapti Maiya.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीेडियो, पंडितों ने माफी मांगने की कही बात
Pandit Pradeep Mishra: बैतूल। प्रसिद्ध कथा वाचक पं प्रदीप मिश्रा इन दिनों विवादित बयानों के कारण सूर्खियों में बने हुए है। कुछ दिन पहले उन्होंने राधा-रानी के बारे में गलत टिप्पणी की। जिस पर उन्होंने बरसाना जाकर नाक रगड़कर एवं दंडवत होकर माफी मांगी। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि मां ताप्ती पर पंडित मिश्रा ने विवादित टिप्पणी की है।
इस टिप्पणी से बवाल मच गया है। मुलताई ताप्ती उदगम स्थल ताप्ती मंदिर के पुजारियों ने अब पंडित मिश्रा से माफी मांगने के लिए कहा है। सोशल मीडिया पर पं प्रदीप मिश्रा का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें पंडित मिश्रा कह रहे है कि ताप्ती मां कृष्ण पर मोहित हो गई थी और इस कारण यमूना ने उन्हेंं श्राप दिया था।
ताप्ती मंदिर के पुजारियों का कहना है कि पंडित मिश्रा द्वारा कही बात का शास्त्र में उल्लेख नहीं है। ताप्ती मंदिर मुलताई के पुजारी सौरभ जोशी ने बताया कि पंडित मिश्रा ने अपनी कथा में मां ताप्ती के बारे में गलत जानकारी दी है। इस तरह की जानकारी देकर लोगों की आस्था के साथ ठेस पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
मां ताप्ती इस प्रकार कृष्ण पर कभी मोहित नहीं हुई। ताप्ती मैय्या के जल से अस्थियां परिवर्तित होती है यह ताप्ती की मुख्य महिमा है। पंडित मिश्रा ने ताप्ती मां के बारे में गलत जानकारी देते हुए गुमराह करने का काम किया जा रहा है। पंडित मिश्रा अपने दिए गए बयान को लेकर वे मुलताई में आकर माफी मांगे अन्यथा उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
पंडित मिश्रा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि यह टिप्पणी उन्होंने कब कही, लेकिन वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो के बाद कई लोग पंडित मिश्रा का विरोध भी करने लगे है।
कल ही मथुरा जाकर रगड़ी थी नाक
कथा वाचक पंडित मिश्रा ने राधारानी पर टिप्पणी कर खुद को विवादित कर लिया था। पूरे देश में राधा रानी के भक्तों में आक्रोश व्याप्त हुआ और उनसे माफी मांगने की बात कही गई। कई संतों को प्रदीप मिश्रा ने आड़े हाथों लेते हुए मुथरा में राधा रानी के मंदिर में नाक न रगड़ने पर बड़ा विरोध करने की चेतावनी दी। कल ही मथुरा जाकर पंडित मिश्रा ने नाक रगड़कर माफी मांगी। इस दौरान भी श्रद्धालु काफी नाराज दिखे। हालांकि उनके द्वारा माफी मांगने के बाद इस मामले का पटाक्षेप हो गया है, लेकिन अब पुण्य सलीला मां ताप्ती पर टिप्पणी कर पंडित मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में घिर गए हैं।
जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर उठे सवाल
मां ताप्ती की उद्गमी स्थली का नेतृत्व करने वाले जनप्रतिनिधियों की इस मामले में चुप्पी से उनके नेतृत्व पर ही सवाल खड़े हो गए है। पं प्रदीप मिश्रा द्वारा मां ताप्ती के बारे में की गई टिप्पणी से मंदिर के पुजारियों में आक्रोश पनप रहा था, लेकिन स्थानीय विधायक चन्द्रशेखर से इस संबंध में चर्चा की तो उनका कहना था कि वे विवाद में नहीं पड़ना चाहते। यदि आपको वर्जन लेना है तो वर्जन ले सकते है। दूसरी तरफ मुलताई के पूर्व कांग्रेसी विधायक सुखदेव पांसे ने कहा कि उन्हें मुझे इस बारे में संज्ञान नहीं है। वे अभी अमरवाड़ा के उपचुनाव की बैठक में है। वीडियो देखने के बाद ही कुछ कह पाउंगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता हेमंत विजय राव देशमुख ने कहा कि पंडित मिश्रा ने जो बात कही है वह पुराणों में उल्लेख नहीं है, इसलिए उन्हें माफी मांगना चाहिए। मुलताई के मूल निवासी और जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार ने कहा कि उन्हें वीडियो के बारे में जानकारी नहीं है। अभी तबीयत खराब है, इसलिए वीडियो देखने में बाद ही कुछ कह पाउंगा।





