Betul News: इंदिरा कॉलोनी में तीन बैग में मांस मिलने की चर्चा

पुलिस के इनकार के बाद मामले को लेकर कई तरह की अटकलें

Betul News: बैतूल। शहर के गंज क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा कॉलोनी में तीन दिन पहले देर रात तीन बैगों में भरा मांस मिलने की खबर ने पूरे शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। यह मामला खास तौर पर इसलिए संवेदनशील हो गया, क्योंकि इसकी जानकारी पहले हिन्दू संगठनों तक पहुंचने की बात कही जा रही है, जबकि पुलिस इसे सिरे से खारिज कर रही है।

स्थानीय चर्चाओं के अनुसार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच एक स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी के दौरान तीन बैगों में मांस मिलने की बात सामने आई थी। यह खबर धीरे-धीरे शहर में फैल गई और लोगों के बीच तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं। मामला जब तूल पकड़ने लगा तो सांझवीर टाईम्स ने इसकी आधिकारिक पुष्टि के लिए पुलिस से संपर्क किया। गंज थाना प्रभारी नीरज पाल ने इस तरह की किसी भी घटना से स्पष्ट रूप से इनकार किया। उनका कहना है कि गंज क्षेत्र में मांस बरामदगी से जुड़ा कोई मामला सामने आया ना ही दर्ज हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऐसी कोई घटना होती तो वह छुपी नहीं रहती और पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाती।

पुलिस के अनुसार, यह पूरी तरह से अफवाह है। दूसरी ओर राष्ट्रीय हिन्दू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय का कहना है कि उन्हें भी इस संबंध में सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में एक स्विफ्ट डिजायर कार से तीन बैगों में मांस मिलने की जानकारी उन्हें भी संगठन के माध्यम से प्राप्त हुई थी। उन्होंने स्वयं पुलिस से इसकी तस्दीक करने का प्रयास किया, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। मामले को और रोचक तब बना दिया जब कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया द्वारा दो दिन पूर्व कोठीबाजार स्थित बूचड़खाने का निरीक्षण किया गया।

टीआई डेहरिया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान वहां किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या संदिग्ध सामग्री के सबूत नहीं मिले। बावजूद इसके, शहर में यह सवाल उठ रहा है कि जब गंज की घटना को पूरी तरह झूठा बताया जा रहा है, तो उसी समय कोतवाली पुलिस द्वारा बूचड़खाने का अचानक निरीक्षण क्यों किया गया? सवाल यह भी है कि क्या यह सिर्फ एक संयोग था या फिर किसी संभावित सूचना के आधार पर की गई सतर्क कार्रवाई? फिलहाल पुलिस घटना को अफवाह मान रही है, लेकिन शहर में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। खबर सच्ची हो या झूठी, इतना तय है कि इंद्रा कॉलोनी में तीन बैग मांस मिलने की यह चर्चा बैतूल में लंबे समय तक सवालों के घेरे में बनी रहेगी।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button