Betul News: काम हुए या कागजों पर ही दौड़ा दिया करोड़ों का बजट? एक सप्ताह बाद भी जांच शुरू नहीं

1.84 करोड़ के नगर वन में कथित घोटाले की बू, जांच के नाम पर अफसरों की कुंभकर्णी नींद!
Betul News: बैतूल। उत्तर सामान्य वनमंडल के बैतूल परिक्षेत्र में 1 करोड़ 84 लाख की लागत से तैयार हो रहे नगर वन का निर्माण अब सवालों के घेरे में है। आरोप हैं कि निर्माण कार्य में जमकर अनियमितताएं की गई हैं। यहां तक कि कथित तौर पर ऐसे कार्यों के भी प्रमाणक तैयार कर भुगतान निकाल लिया गया, जो मौके पर हुए ही नहीं।
हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन विभागीय सूत्रों के दावे मामले को गंभीर बना रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर नगर वन के निर्माण में दाल में कुछ काला है या फिर पूरी दाल ही काली है?
हैरानी की बात यह है कि इस मामले को उच्च वन अधिकारियों के संज्ञान में लाए एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक जांच की कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। आरोप सही हैं या निराधार, इसकी पड़ताल कराने में भी अधिकारी दिलचस्पी लेते नजर नहीं आ रहे।
सूत्रों के मुताबिक नगर वन का निर्माण बैतूल रेंज के रेंजर अरुणेंद्र शुक्ला और वनपाल बीएन बर्डे के मार्गदर्शन में कराया जा रहा है। करोड़ों के निर्माण कार्य के बावजूद रेंजर को ही इसकी कुल लागत की जानकारी नहीं होना अपने आप में कई सवाल खड़े करता है। आखिर जिम्मेदारी किसकी है और निर्माण कार्यों की निगरानी कौन कर रहा है?
जांच का आश्वासन देकर भूल गए सीसीएफ!
इस मामले में सांझवीर टाईम्स ने मुख्य वन संरक्षक मधु वी. राजू को भी पूरे प्रकरण से अवगत कराया था। उन्होंने मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन दिन बाद जब जांच दल गठित होने को लेकर उनसे सवाल किया गया तो उनका जवाब था कि आज दिखवा लेते हैं। यानी जांच करवाने का भरोसा देने के बाद भी मामला आगे नहीं बढ़ पाया।
डीएफओ की कार्यप्रणाली तेज तर्रार पर कार्यवाही नहीं
उत्तर वनमंडल के डीएफओ नवीन गर्ग अपनी अनुशासनप्रियता, तेजतर्रार छवि और सटीक कार्यप्रणाली के लिए महकमे में पहचाने जाते हैं। ऐसे में उनके अधीनस्थ क्षेत्र में 1.84 करोड़ के निर्माण पर गंभीर आरोप लगने और शिकायत सामने आने के बावजूद जांच की सुस्ती कई सवाल खड़े कर रही है।
अब देखना यह है कि विभाग मौके पर हुए निर्माण और भुगतान के प्रमाणकों का मिलान कराकर दूध का दूध और पानी का पानी करता है या फिर नगर वन के कथित गड़बड़झाले पर पर्दा पड़ा रहता है।
इनका कहना….
मामले में जांच के आदेश को लेकर आज दिखवा लेते हैं।
मधु वी राजू, सीसीएफ वनवृत बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




