Betul News: सीएम की सभा में 700 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में लाखों रुपए उड़ाए
Betul News: Lakhs of rupees spent in CM's meeting in the presence of 700 policemen

केंद्रीय मंत्री की स्वागत रैली में भी कटे कई के जेब, पुलिस व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल
Betul News: बैतूल। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुलताई प्रवास के दौरान भारी भीड़ के बीच जेबकतरों का भी भारी बोलबाला रहा। इन जेब कतरों ने भीड़ का फायदा उठाते भाजपा से जुड़े मुलताई के दो व्यापारियों की जेब से हजारों रुपए साफ कर दिए। इतने में भी लुटेरों का दिल नहीं भरा तो बारिश शुरू होने पर एक महिला सहायक सचिव की गले की सोने की चेन खींच ली। कुछ अन्य महिलाओं की भी चेन खींचने की वारदात हुई है, लेकिन मुलताई पुलिस आवेदन के बावजूद एफआईआर नहीं लिखकर खुद अपनी पीठ थपथपा रही है।
ताज्जुब की बात यह है कि सीएम की मुलताई सभा में 700 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाए जाने के बावजूद जेब कतरों और लुटरों की गैंग सक्रिय रहने जिले की कानून व्यवस्था को आसानी से समझा जा सकता हैं। लुटेरों की गैंग मुलताई के बाद बैतूल में भी सक्रिय देखी गई। बैतूल में केंद्रीय राज्यमंत्री के जुलूस में भी शामिल हो गए और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष की जेब मे रखे हजारों रुपयों पर हाथ साफ कर दिए। इसकी भी शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। अब जेबकतरे स्थानीय है या फिर किसी ने इन्हें हायर कर बाहर से बैतूल बुलवाया था, यह जांच का विषय है। क्योंकि मुलताई के कार्यक्रम और बैतूल में निकाले गए जुलूस में कई ऐसे भी चेहरे नजर आ रहे थे, जिनका अपराध के साथ चोली दामन का साथ रहा है।
एक की जेब से 35 हजार तो दूसरे की जेब से 38 हजार रुपए गायब
अपने तय क्रार्यक्रम से कुछ देरी से मुलताई पहुंचे सीएम डॉ.मोहन यादव के कार्यक्रम में अत्यधिक भीड़ होने का फायदा जेबकतरों ने बखूबी उठाया। मुख्यमंत्री का रोड शो जब ताप्ती कुंड से आगे बढ़ा तभी विवेकानंद वार्ड निवासी नारायण पिता बाबूराव जैन मुख्यमंत्री का स्वागत करने आगे बढ़े। स्वागत कर जैसे ही वे वापस लौटे उनकी जेब मे रखे 35 हजार रुपए गायब हो चुके थे। हालांकि इसके सीसीटीवी फुटेज निकाल लिए गए हैं।
इसी तरह मुख्यमंत्री का रोड शो जैसे ही बस स्टैंड पहुंचा महावीर वार्ड निवासी निखिल पिता सतीश जैन की जेब काट कर 38 हजार रुपए निकाल लिए गए। तीसरी घटना रामराव पण्डागरे के साथ घटित हुई उनका भी पर्स जेब से निकाल लिया गया लेकिन कितना पैसा चोरी गया इसका पता नहीं चल पाया। दोनों ही घटनाओं की शिकायत पीढ़ित व्यापारियों ने मुलताई थाने में दर्ज कराई है।
महिलाओं के गले से उड़ाई चेन
मुख्यमंत्री की मुलताई में हुई सभा में 700 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में चोर और लुटेरे जमकर सक्रिय हुए। आमला विकासखंड की ससाबड़ की महिला सहायक सचिव अर्पणा चौहान अपने क्षेत्र की महिलाओं को लेकर मुलताई के कार्यक्रम में पहुंची थी। मुख्यमंत्री की सभा खत्म होने के पहले उनके गले से अज्ञात व्यक्ति एक तौले की चेन खींचकर भाग गया। सहायक सचिव ने बताया कि इस तरह की घटना अन्य महिलाओं के साथ भी हुई है।
घटना के बाद वे मुलताई थाने भी गई थी, लेकिन यहां पर टीआई ने आवेदन जरूर लिया, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की। जानकारी सामने आई है कि चेन स्केचिंग के अलावा मुलताई में दर्जनों लोगों के पर्स जेब कतरों ने उड़ा दिए, लेकिन पुलिस अपना दामन बचाने के लिए रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही। इस संबंध में मुलताई टीआई राजेश सातनकर को कई बार काल किया, लेकिन उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया।
केंद्रीय मंत्री की सभा में भी भाजपा नेता समेत कई को लगा चूना
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के कार्यक्रम से निपटते ही केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बैतूल हरदा-हरसूद सांसद दुर्गादास उइके का भी विजयी जुलूस शहर में निकाला गया था। यहां भी जेबकतरों की गैंग सक्रिय नजर आई। भाजपा के अल्प संख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष एवं मेडिकल व्यवसायी शारिक खान इन जेब कतरों का शिकार हो गए। भाजपा नेता ने कोतवाली थाने में की शिकायत में बताया कि वे केंद्रीय मंत्री के जुलूस में शामिल थे, इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने जेब मे रखे 8 हजार 850 रुपये से भरा पर्स निकाल लिया। यह रकम दवा के थोक व्यापारी को दिए जाने के लिए रखी थी। कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
इनका कहना..
शिकायत प्राप्त हुई है। शक के आधार पर एक नाबालिग सहित एक अन्य युवक को पकड़ा था, लेकिन कुछ पता नहीं चला है। जांच कर रहे हैं।
देवकरण डेहरिया, कोतवाली टीआई





