Betul News: वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान के लिए प्रभारियों में पांसे समर्थकों का दबदबा
Betul News: Vote thieves, supporters of the dice dominate those in charge of the campaign after leaving the throne

हेमंत, नवनीत, रामू, मनोज, राहुल को अलग-अलग विस की जिम्मेदारी
Betul News: बैतूल। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी 230 विधानसभाओं पर वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान के लिए प्रभारी बनाए हैं। सभी प्रभारियों को इस अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान का लक्ष्य दिया गया है। जिले से 6 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को वोट चोर, गद्दी छोड़ के लिए प्रभारी बनाया गया है। इनमें केवल समीर खान को छोड़ दे तो शेष सभी पांच विधानसभा प्रभारी हेमंत वागद्रे, नवनीत मालवीय, रामू टेकाम, मनोज आर्य और राहुल उइके पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे के करीबी बताए जाते हैं। प्रभारियों की नियुक्ति के बाद एक बात साफ हो गई है कि प्रदेश कांग्रेस में अभी भी पांसे का जिले की कांग्रेस राजनीति में अलग दबदबा है।
वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान को मिल रहे प्रतिसाद के बाद कांग्रेस उत्साह से लबरेज है। इसी के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा वोट चोर, गद्दी छोड़ और पांच करोड़ हस्ताक्षर अभियान के साथ मतदाता सूची के गहन परीक्षण के लिए सभी विधानसभा में प्रभारी घोषित किए गए हैं। इन प्रभारियों में वरिष्ठों और संगठन में विभिन्न पदों पर कार्य कर सक्रिय रहने वालों को संगठन ने जिले के वरिष्ठ नेताओं की सिफारिश पर जिम्मा दिया है। बैतूल जिले में भले ही कांग्रेस कमेटी पर पूर्व विधायक निलय डागा को पिछले दिनों नियुक्त किया गया है, लेकिन वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान के लिए केवल एकमात्र समीर खान को ही हरदा विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। शेष सभी पांच नेताओं में पूर्व मंत्री पांसे के करीबियों का दबदबा दिखाई दे रहा है।
पांसे समर्थक नेताओं को मिला मौका
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी वोट चोर, गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान के तहत प्रदेश में भी अभियान जोर शोर से चल रहा है। संगठन के महामंत्री डॉ संजय कामले ने बीते दिनों प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर 230 विधानसभा के लिए वरिष्ठ नेताओं को महत्ती जिम्मेदारी सौंपकर अभियान को सार्थक रूप देने का प्रयास किया। इसमें बैतूल जिले से पूर्व मंत्री पांसे समर्थक नवनीत मालवीय को नर्मदापुरम, हेमंत वागद्रे को सिवनी, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम को सिवनी जिले के बरघाट विस, सेवादल के प्रदेश सचिव मनोज आर्य को देवास जिले की हाटपिपल्या, घोड़ाडोंगरी जनपद पंचायत अध्यक्ष राहुल उइके को बालाघाट जिले की परसवाड़ा विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। उक्त कांग्रेसियों को जिम्मेदारी दिए जाने पर कांग्रेसियों में हर्ष व्याप्त है। सभी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे का आभार माना है।




