Heat Wave In Betul : 40 डिग्री तापमान का टार्चर झेल रहे विद्यार्थी
Heat Wave In Betul: Students facing torture of 40 degree temperature

भीषण गर्मी के बाद भी स्कूलों के समय में बदलाव नहीं
Heat Wave In Betul : (बैतूल)। जिले में इतनी भीषण गर्मी पड़ रही है कि बिना कूलर पंखे का रहना मुश्किल हो जाता है। गर्मी के कारण बैचेनी होने लगती है। इस भीषण गर्मी में भी विद्यार्थी स्कूल जा रहे है। ऐसे में विद्यार्थियों की सेहत बिगड़ने का खतरा बना है। गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजते परिजन भी परेशान है। शिक्षा विभाग की तरफ से स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया है। पिछले तीन-चार दिनों से तापमान में लगातार बढ़ते जा रहा है। बैतूल का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। इतनी भीषण गर्मी में भी विद्यार्थी स्कूल पहुंचकर पढ़ाई कर रहे है। तेज गर्मी में स्कूल संचालित कर बच्चों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव होना था, लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ है। स्कूल में आते-जाते समय विद्यार्थी लू की चपेट में भी आ सकते है। बच्चों की सेहत को लेकर परिजन बेहद चिंतित है। परिजन भी मजबूरी में बच्चों को स्कूल भेज रहे है, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो।
कई सरकारी स्कूलों में बिजली तक नहीं (Heat Wave In Betul)
स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर सुख सुविधाएं देने का दावा किया जाता है, लेकिन हकीकत यह है कि जिले के कई सरकारी स्कूलों में अभी तक बिजली ही नहीं पहुंची है। बिजली नहीं पहुंचने के कारण न तो कूलर चल सकते है और न ही पंखा। स्कूल जा रहे विद्यार्थियों को गर्मी में पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जिन स्कूलों में कूलर पंखे नहीं है, वहां के विद्यार्थी सबसे ज्यादा परेशान है। गर्मी के कारण विद्यार्थी काफी, पुस्तकों से हवा लेकर स्कूल का समय बिताने के लिए मजबूर है। अधिकारी तो दफ्तरों में एसी, कूलर और पंखे की हवा में शान से काम करते है, लेकिन जिन स्कूलों में बिजली नहीं है, वहां के विद्यार्थियों की हालत को कोई नहीं समझ रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर हमारे हाथ में कुछ नहीं है। राज्य शासन की तरफ से निर्देश आएंगे, उसी अनुसार स्कूल संचालित करेंगे। निजी स्कूलों में पंखे, कूलर की सुविधा होने से बच्चों को थोड़ी राहत जरूर है, लेकिन धूप के समय आने-जाने में विद्यार्थियों को परेशानी होती है। अभी नए शिक्षा सत्र के तहत 30 अप्रैल तक स्कूल लगेंगे, तब तक विद्यार्थियों को गर्मी का टार्चर झेलकर पढ़ाई करनी पड़ेगी। 30 अप्रैल के बाद विद्यार्थियों की ग्रीष्मकालीन छुट्टिया लगेगी।





