6 दिन बाद नलों में आया पानी, अभी भी कई वार्डों में स्थिति बेकाबू, लोहिया वार्ड की महिलाओ का पानी के लिए नपा में हंगामा

बैतूल। पूरे पांच दिन बाद शनिवार की सुबह शहर के कुछ वार्डों के नागरिकों के नलों में 6 दिनों बाद पानी आ गया। नगरपालिका पिछले पांच दिनों से दनोरा के पास बंसल कंपनी द्वारा क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को सुधारने का काम कर रही थी, शुक्रवार को दोपहर बाद नपा अध्यक्ष और सीएमओ की मौजूदगी में पाइप लाइन मरम्मत हो गई। इसके बाद बैराज के पानी से शहर की 9 टंकियां भरना शुरू हुई है। शनिवार को दोपहर तक शहर के कुछ वार्डों में पानी की सप्लाई शुरू हो गई है, लेकिन कई वार्ड अभी भी टंकियों के न भराने से पानी के लिए परेशान हो रहे हैंं। देर रात तक शहर के सभी वार्डों में पानी सप्लाई करने का दावा नगरपालिका द्वारा किया जा रहा है।

दोपहर तक 10 वार्डों में दी जा चुकी थी सप्लाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को दनोरा के पास लीकेज का सुधार कार्य खत्म होने के तत्काल बाद ही बैराज से पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई थी। पानी सीधे फिल्टर प्लांट लाकर टंकियों तक पहुंचाने का काम भी साथ चलाया गया। सुबह 9 बजे तक कोठी बाजार क्षेत्र के लगभग पांच वार्डों में सप्लाई दी जा चुकी थी। नपा के सब इंजीनियर ने बताया कि ताप्ती बैराज से लगातार पानी की सप्लाई चल रही है। दोपहर तक करीब 9 वार्डों में सप्लाई दी जा चुकी है। तात्कालिक राहत देने के उद्देश्य से कुछ वार्डों में टैंकरों से भी पानी दिया गया है। देर रात तक शहर के बचे वार्डों में पानी की सप्लाई की जाएगी। इन वार्डों में शनिवार को भी टैंकरों से पानी पहुंचा है।

रात 12 बजे पूरा हो सका सुधार कार्य

नागरिकों को जल संकट से जूझते हुए देखने के बाद नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर एवं सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने भी मोर्चा संभाल लिया था। ताप्ती धूप में खड़े रहकर उन्होंने सुधार कार्य करवाया, ताकि किसी भी हालत में जनता तक पानी जल्द से जल्द पहुंचाया जा सके। सब इंजीनियर ब्रजेश खानुरकर ने बताया कि सुधार कार्य शुक्रवार रात 11.30 बजे खत्म हो पाया था। रात 12 बजे ताप्ती बैराज से सीधे फिल्टर प्लांट तक पानी की सप्लाई शुरू की गई। इस दौरान टंकियों को भी भरवाना शुरू किया गया। सुबह होते होते टंकियों में जितना पानी स्टोरेज हुआ, आम नागरिकों तक पहुंचा दिया गया। पानी की सप्लाई लगातार चल रही है। अगले कुछ घंटों के भीतर नागरिकों को काफी राहत दे दी जाएगी और आगे रूटीन के तहत सप्लाई का काम किया जाएगा।

खाली बर्तन लेकर नपा पहुंची महिलाएं

नपा ने एक के बाद एक जैसे तैसे वार्डों में पानी की सप्लाई शुरू तो कर दी, लेकिन जिन वार्डों में सप्लाई नहीं पहुंच पाई उन वार्डों में रहने वाले लोगों की नाराजगी का सामना भी नपा अधिकारियों को करना पड़ा है। लोहिया वार्ड,राजेन्द्र वार्ड में रहने वाली कई महिलाएं खाली बर्तन लेकर नगरपालिका पहुंच गई। उन्होंने अपनी परेशानी बताते हुए नारेबाजी करनी शुरू कर दी। महिलाओं की नाराजगी देखते नपा अधिकारियों ने महिलाओं को समझाइश देकर मामला शांत कराया और जल्द ही उनके वार्ड में सप्लाई दिए जाने का आश्वासन दिया।

इनका कहना…..
फूटी हुई पाईप लाइन का सुधार करवा लिया गया है। एक के बाद एक वॉर्डों में पानी की सप्लाई दी जा रही है।
ब्रजेश खानुरकर, सब इंजीनियर नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button