Betul Samachar: मोरखा फार्मासिस्ट ससुन्दरा और ससुन्दरा फार्मासिस्ट आमला अटैच

स्वास्थ्य विभाग में मनमानी पदस्थापना का खेल, नियम ताक पर
Betul Samachar: बैतूल। कर्मचारियों के अटैचमेंट को लेकर स्वास्थ्य विभाग शासन के नियमो की अनदेखी किस तरह कर रहा है, इसका उदाहरण आमला फार्मासिस्टों की पदस्थापना के दौरान देखने को मिल रहा है। जिस कर्मचारी की मूल पदस्थापना जहां है उसे उस जगह से हटाकर कहीं और पदस्थ कर रखा है, वहीं कई अस्पताल ऐसे हैं जहां कर्मचारी नहीं होने से लोगो को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। लेकिन आम नागरिकों को हो रही परेशानी से ना ही अधिकारियों को कोई मतलब है और ना ही जनप्रतिनिधियों को कोई सरोकार है।

मूल पदस्थापना ससुन्दरा अटैचमेंट आमला
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ससुन्दरा में फार्मासिस्ट सदाशिव पवार की मूल पदस्थापना की गई थी। लेकिन पवार को 7 जुलाई 2025 को आदेश के जरिए अचानक आमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कर दिया गया। पिछले 6 माह से पवार आमला अस्पताल में ड्यूटी बजा रहे हैं। इस बीच ससुन्दरा मे फार्मासिस्ट का पद खाली होने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं में दिक्कतें आना शुरू हो गई। विभाग ने ग्रामीणों की दिक्कतें तो दूर की लेकिन यहां भी अटैचमेंट का खेल खेलने से अधिकारी नहीं चूक रहे रहे हैं। जबकि होना यह था कि आमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सदाशिव पवार को मूल पदस्थापन स्थल ससुन्दरा लाया जा सकता था।
मोरखा फार्मासिस्ट को ससुन्दरा किया अटैच अब मोरखा हुआ खाली
स्वास्थ्य विभाग किस तरह उल्टी चाल चल रहा है इसकी बानगी भी सामने आ रही है। चूंकि ससुन्दरा ग्राम आमला सारणी विधायक डॉ योगेश पण्डागरे का ग्रह ग्राम है इसके चलते सीएमएचओ के निर्देश पर सदाशिव पवार को मूल पदस्थापना स्थल पर वापस पदस्थ ना करते हुए मोरखा में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ फार्मासिस्ट गणेश मकोड़े को मोरखा से उठाकर ससुन्दरा पदस्थ कर दिया गया है। बीएमओ ने 17 जनवरी को इसके आदेश भी जारी कर दिए हैं। अब मोरखा स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम वासियों के लिए स्वास्थ्य समस्या निर्मित हो रही हैं। कुल मिलाकर अटैचमेंट के इस खेल में यहां मूल पदस्थापनाएँ प्रभावित हो रही हैं तो वहीं ग्राम वासियों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलना मुश्किल हो रहा है।
इनका कहना..
इस सम्बंध में बीएमओ से चर्चा कर व्यवस्था बनाई जाएगी।
डॉ मनोज हुरमाड़े, सीएमएचओ बैतूल




