Betul Samachar : तेज आंधी से एक दिन में आई सौ से अधिक शिकायतें
Betul Samachar: More than a hundred complaints received in one day due to strong storm

मेंटनेंस के बाद भी कई जगह तार टूटे, अचानक परमिट लेकर लाइन सुधारी
Betul Samachar : (बैतूल)। दक्षिण संभाग के अंतर्गत आने वाले विद्युत कंपनी के बैतूल टाउन में भारी भरकम महकमा होने के बावजूद बिजली व्यवस्थाएं बाधित होना आम बात हो गई है। दर्जनों कर्मचारियों पर अधिकारी व्यवस्था बनाने का काम कर रहे हैं, लेकिन बुधवार को शाम तेज आंधी के बाद एक ही दिन में कंपनी के पास एक सैकड़ा शिकायत पहुंची है, जबकि कंपनी ने पिछले दस दिनों पहले शहर के अलग-अलग उपकेंद्रों से पांच घंटे बिजली बंद कर मेंटनेंस का काम किया था।
विद्युत कंपनी के अंतर्गत टाउन-1 और टाउन-2 का क्षेत्र आता है। टाउन-1 में गंज क्षेत्र के अधिकांश मोहल्ले शामिल किए गए हैं, जबकि टाउन-2 में कोठीबाजार, सदर शामिल हैं। दोनों ही जगह अधिकारियों के साथ कर्मचारियों की बड़ी फौज है, लेकिन बुधवार लापरवाही के रूप में ऐसी बानगी देखने को मिली कि उपभोक्ताओं को काफी परेशान होना पड़ा। दरअसल मौसम विभाग ने पहले ही 140 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया था। इसके बावजूद विभाग के जिम्मेदार चैन की बांसुरी बजा रहे थे। जब शाम ढलते ही तेज आंधी चली तो पूरे शहर की बिजली बंद हो गई। हालांकि आधा घंटा बाद बिजली तो लौट आई, लेकिन फॉल्ट की संख्या एक सैकड़ा तक जा पहुंची। ऐसे में शहर के दोनों विद्युत कंपनी के कर्मचारियों को दौड़ भाग करना पड़ा। कई उपभोक्ता ऐसे थे, जिनकी पूरी रात अंधेरे में कट गई। दूसरे दिन गुरुवार को इनकी बंद पड़ी बिजली शुरू हुई।
मेंटनेंस के बावजूद गिरे बिजली के तार
दोनों विद्युत कार्यालयों से पिछले दिनों अलग-अलग क्षेत्रों में मेंटनेंस में बिजली बंद की गई थी। कंपनी के कर्मचारियों ने पांच घंटे बिजली बंद कर मेंटनेंस का काम किया गया है। दो माह में कंपनी द्वारा हर क्षेत्र में कम से कम दो से तीन मर्तबा मेंटनेंस करने के बावजूद बुधवार एक घंटे चली तेज हवाओं से दर्जनों स्थानों पर बिजली के तार गिरने की शिकायत मिली है। यह तो शुक्र है कि किसी भी जगह से बिजली के तारों की चपेट में आने से हादसों की खबर नहीं मिली है। कंपनी के अधिकारी तर्क दे रहे हैं कि तेज हवाओं से मेंटनेंस के बावजूद यह समस्या आम बात है।
गौठाना फीडर भगवान भरोसे
शहर के कमानी गेट से आगे गौठाना क्षेत्र के उपभोक्ता इन दिनों बिजली कंपनी के अधिकारियों की लापरवाही का कोपभाजन बन रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र का फीडर मरामझिरी से जुड़ा है। यह फीडर पाढर होते हुए आता है। यही वजह है कि जरा सा फाल्ट आने पर हर दिन यहां बिजली गुल होना आम बात हो गई है। अचानक बड़ी लाइन के लिए जिम्मेदार परमिट देकर उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में भी परेशान कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने पूर्व में भी गौठाना फीडर को बदलकर शहरी क्षेत्र में करने की मांग की थी, लेकिन समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। इस क्षेत्र के सहायक प्रबंधक लंबे समय से यहां पर टिके हुए हैं, लेकिन समस्या का निदान करने में उनकी कोई रूचि नहीं है।
इनका कहना…
बुधवार को तेज हवा से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। गौठाना क्षेत्र की बिजली लगातार गुल होने की वजह मरामझिरी फीडर है। बुधवार को भी बड़ी लाइन के लिए परमिट दिया गया था, इसलिए तीन घंटे बिजली बंद करना पड़ा।
बीएस बघेल, महाप्रबंधक, विद्युत कंपनी दक्षिण संभाग बैतूल।





