Politics: राजनीतिक हलचल: बकरा पार्टी में परस्पर विरोधी, लेकिन मित्रों में क्यों चले लात- घुसे?? नेता जी के लिफ़ाफ़े में वजन को लेकर क्या है नया शिगूफा??? बैंड वालों ने आखिर किस नेता की बजा दी बैंड???? विस्तार से पढ़िए हमारे चर्चित कॉलम राजनीतिक हलचल में……

बकरा पार्टी में भिड़े, फिर गले मिले नेता

पार्टी में कबाब के साथ शराब परोसी जाए तो मजा ही कुछ और होता है। इसमें विरोधी भी एकजुट होकर सारे मतभेद भूला देते हैं, लेकिन शहर में पिछले दिनों सत्तारूढ़ पार्टी के एक पूर्व जिला अध्यक्ष के भतीजे और एक नगर परिषद के विपक्षी पार्षद में हुई हाथापाई सुर्खियां बटोर रही है। चर्चा है कि दोनों ही नेता सदर क्षेत्र में एक बकरा पार्टी में आमंत्रित किए गए थे। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। पहले पार्षद ने सत्तारूढ़ पार्टी के युवा नेता पर हाथ छोड़ दिया। इस पर दूसरे पक्ष ने भी पार्षद के गाल पर करारा वार कर दिया। इसके बाद तो पार्षद ने सत्तारूढ़ पार्टी के युवा नेता पर खुलकर हाथ-पैर चलाए। हालांकि बकरा पार्टी में इस दौरान हल्ला मचा और दोनों को अलग कर दिया। बाद में दोनों में समझौता हुआ, लेकिन विवाद में कपड़े अस्त-व्यस्त होने पर घर से बदलकर आए। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक ही टेबल पर बैठकर बकरे की बोटियां का साथ में स्वाद चखा। पूरे मामले में मारपीट के बाद जिस तरह दोनों का मनमुटाव दूर हुआ। इस मामले की भी खूब तारीफ हो रही है।

लिफाफे के वजन की चर्चा

राजनीति में नेताओं के हर क्रियाकलाप की समीक्षा होती है, यह कोई नई बात नहीं है। मुख्यालय के एक विपक्षी पार्टी के सबसे दिग्गज और धनाड्य नेता ने हाल ही में लिफाफे सिस्टम का दौर शुरू किया है। चर्चा है कि सामान्य लोगों के यहां कार्यक्रम में जाने पर 200 रुपए और जो उनके काफी करीबी है, उसे 500 रुपए का लिफाफा दिया जा रहा है। यहां आम और खास का फर्क इस तरह से भी किया जा रहा है कि कहां नेता अकेले जाएंगे और कहां किसी और के साथ। पूर्व में भी नेताजी चुनाव से लेकर समय समय पर मिठाई, सोनपपड़ी के पैकेट देकर चर्चा में आ चुके हैं।

बैंड वालों ने बजा दी बैंड

वैवाहिक मौके पर नाच कूद का खूब चलन है। इस चलन में टुन्नी होकर नागिन डांस करना और बैंड वालों पर अत्याधिक दबाव बनाना आम बात हो गई है, लेकिन चिचोली के एक कांग्रेस नेता के पुत्र को बैतूल में बैंड वालों पर दबाव बनाना महंगा पड़ गया। चर्चा है कि शहर के एक प्रमुख मैरिज लान में यह नेता के पुत्र अपने साथियों के साथ जमकर डांस कर रहे थे। जब बारात मैरिज लान पहुंची तो नेता पुत्र को और ताव आ गया और बैंडवालों से उलझ पड़े। मामला थोड़ी देर तो शांत रहा, लेकिन इसके बाद बैंड वालों ने उसे थोड़े दूर ले जाकर जमकर कुटाई कर दी। खबर है कि इस कुटाई में इनकी दबंगई से परेशान कुछ और लोगों ने भी हाथ साफ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पीटने के बाद यह नेता पुत्र वापस चिचोली की ओर रवाना हो गए।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button