Betul Samachar: कचरा प्रबंधन यूनिट की बदलेगी तस्वीर

कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर फेंसिंग और सुविधाएं जल्द जुटाने के दिए निर्देश
Betul Samachar: बैतूल। ग्राम पंचायत कढ़ाई में नगर पालिका परिषद बैतूल की प्रस्तावित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाई को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर की स्थिति, प्रस्तावित निर्माण कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और कचरा प्रबंधन से जुड़ी आगामी कार्ययोजना की जानकारी अधिकारियों से ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाई से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं, ताकि प्रोजेक्ट को जल्द शुरू किया जा सके।
कलेक्टर ने पूरे परिसर की सुरक्षा और व्यवस्थित संचालन को लेकर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्थल की पूरी सीमा में फेंसिंग कराने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इकाई परिसर को केवल कचरा प्रबंधन के लिए विकसित करने के बजाय सुरक्षा और व्यवस्थित संचालन के लिहाज से भी तैयार किया जाए। इसके लिए परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सड़क और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
नालों को कवर करने के भी निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाई के आसपास मौजूद नालों की स्थिति भी देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नालों को कवर करने के निर्देश दिए, ताकि परिसर में गंदगी और जलभराव की स्थिति न बने। साथ ही स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थल का व्यवस्थित विकास करने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि कचरे के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन के लिए प्रस्तावित इकाई में जरूरी सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी की जाएं। इससे नगर पालिका क्षेत्र से निकलने वाले कचरे के बेहतर निस्तारण के साथ ही उपयोगी और अनुपयोगी सामग्री को अलग करने में मदद मिलेगी। ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
बिजली, लाइट और सड़क व्यवस्था की ली जानकारी
कलेक्टर ने प्रस्तावित इकाई में बिजली, प्रकाश और सड़क की व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्युत कनेक्शन और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर तक पहुंचने वाली सड़क सहित अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाओं को भी प्राथमिकता से विकसित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से प्रस्तावित कार्यों के बजट और उनसे जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बजट, स्वीकृति और अन्य प्रक्रियाओं के कारण प्रोजेक्ट में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
सभी विभाग आपसी समन्वय से करें काम
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पालिका सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाई से जुड़े कार्यों में स्वच्छता, सुरक्षा, सड़क, बिजली, फेंसिंग और अन्य जरूरी सुविधाओं को एक साथ ध्यान में रखकर काम किया जाए।
नगर पालिका अधिकारियों ने कलेक्टर को प्रस्तावित विकास कार्यों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और तय समय-सीमा में प्रोजेक्ट को पूरा कराया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका के इंजीनियर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




