Betul News: बैतूल को मिली नई रेल सुविधा की सौगात, भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस को मंजूरी

केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके के प्रयास रंग लाए, घोड़ाडोंगरी, बैतूल, आमला और मुलताई सहित कई स्टेशनों को मिलेगा लाभ

Betul News: बैतूल। बैतूल संसदीय क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके के प्रयासों को सफलता मिली है। भुसावल से नागपुर के बीच नई ट्रेन 11111/11112 भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति प्रदान की गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से इस संबंध में जानकारी दी है।

केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने 6 अगस्त 2026 को रेल मंत्रालय को पत्र लिखकर क्षेत्र की रेल सुविधाओं और नई ट्रेन के संचालन की मांग उठाई थी। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अवगत कराया कि भुसावल-नागपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी गई है। ट्रेन छनेरा, खिरकिया, हरदा, टिमरनी, घोड़ाडोंगरी, बैतूल, आमला और मुलताई के रास्ते संचालित होगी।

नई ट्रेन के संचालन से बैतूल जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों को भुसावल और नागपुर के बीच आवागमन का नया विकल्प मिलेगा। इससे यात्रियों को व्यापार, शिक्षा, उपचार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए यात्रा करने में सुविधा होगी। साथ ही क्षेत्रीय रेल संपर्क मजबूत होने से आसपास के शहरों और कस्बों के बीच आवागमन को भी गति मिलने की उम्मीद है।

 प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने नई रेल सुविधा की स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में रेल अवसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। क्षेत्र की जनभावनाओं और यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा इस रेल सुविधा को मंजूरी देना सराहनीय कदम है।

उन्होंने रेल मंत्री का विशेष आभार जताते हुए कहा कि बैतूल संसदीय क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी, यात्रियों की सुविधा और विकास के लिए केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत है। भुसावल-नागपुर एक्सप्रेस की स्वीकृति क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button