Today Betul News: शंटिंग के दौरान मेन लाइन से बेपटरी हुई तीन बोगियां
Today Betul News: Three bogies derailed from main line during shunting.

नान स्टॉप एक्सप्रेस का चालक नहीं दिखाता सतर्कता तो हो जाता बड़ा हादसा…
Today Betul News: (आमला)। रेलवे स्टेशन पर महज चंद सेकंड से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना सैकड़ों जान संकट में आ सकती थी। अगर आमला से नॉनस्टॉप गुजर रही मालदा टाउन नईदिल्ली-पुडुचेरी 14003 के ड्राइवर ने सूझबूझ और हिम्मत से ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर कंट्रोल नहीं किया होता तो प्लेटफार्म क्रमांक 4 से नॉनस्टॉप गुजर रही मालदा-नईदिल्ली ट्रेन इसी ट्रैक पर एक खाली यात्री बोगियां से टकरा जाती और फिर किसी भी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता था। चौकाने वाली बात तो यह है कि इसी दौरान रेलवे प्रशासन की चूक के कारण शंटिंग के दौरान एक अन्य ट्रेन की तीन बोगियां भी नियंत्रण खोकर लाइन पर आ गई। यह भी बड़े हादसे की ओर इशार कर रहा है। पूरे मामले में रेलवेे के अधिकारी चुप्पी साधकर किसी भी तरह का बयान देने से बच रहे हैं। जांच के बाद ही मामले में वास्तविकता सामने आ सकती है।
पिछले एक महीने से यार्ड में खड़ी थी खाली बोगियां

जानकारी के अनुसार रेलवे के प्लेटफार्म क्रमांक 4 के बाजू स्थित यार्ड में 20 डिब्बों वाली खाली बोगियां पिछले एक महीने से खड़ी थी। गुरुवार दोपहर बाद प्लेटफार्म क्रमांक 4 से यहां से एक नॉन स्टॉप ट्रेन 14003 मालदा-नई दिल्ली एक्सप्रेस को निकालना था। सूत्र बताते हैं कि इसी दौरान यहां यार्ड में खड़ी खाली यात्री बोगिया शंटिंग के दौरान लुढ़ककर मेन लाइन पर आ गई और इसी खाली ट्रेन की तीन बोगी यहां पटरी से उतर गई। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि इसी ट्रैक पर मालदा-नई दिल्ली एक्सप्रेस की आ गई और यह सब चंद सेकंड के फासले में हो गया। गनीमत तो यह रही कि इन बोगियां को पटरी से उतरते हुए मालदा एक्सप्रेस के चालक ने देख लिया था और समय रहते उन्होंने सतर्कता और सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन पर काबू पा लिया और एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया है।
मालदा एक्सप्रेस की रफ्तार धीमी होने से टला हादसा
सूत्र बताते हैं कि आमला जंक्शन पर गुरुवार को दोपहर बात हुई इस घटना के दौरान मालदा एक्सप्रेस ट्रेन की रफ्तार लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही होगी। चूंकि इस ट्रेन का आमला में स्टापेज नहीं है। इसे संयोग ही कहे कि ट्रेन की रफ्तार आमला से गुजरते समय हमेशा 60 से 100 किमी प्रति घंटा की रहती है, लेकिन गुरुवार को गति कम थी। बस इसी वजह से हादसा टल गया। घटना के बाद मालदा नई दिल्ली एक्सप्रेस को आमला में लगभग एक घंटे तक रोका गया। बाद में ट्रैक बदलकर इस ट्रेन को अपने गतंव्य की ओर यहां से रवाना किया गया। घटना के बाद स्थानीय रेलवे के सभी बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। आमला रेलवे स्टेशन के एडीईएन अभिषेक गुप्ता ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी मिली है। इस संबंध में पूछताछ कर रहे हैं। इसके बाद ही कुछ कहा जाएगा। फिलहाल रेलवे ट्रेक का सुधार कार्य जारी है।





