Betul News: विधायक की 2 टूक, बोले–नहर के घटिया निर्माण कार्य का मूल्यांकन किया तो किसानों के साथ धरना प्रदर्शन करूंगा
Betul News: MLA said bluntly, if the canal construction work is evaluated poorly, I will stage a sit-in protest with the farmers

3 साल से किसानो को नहर से नहीं मिला पानी
Betul News: मुलताई (विजय सावरकर)। क्षेत्र में पारसडोह डेम बनने तक किसान प्रसन्न थे। डेम बनने के बाद किसानों के खेत में पाइप लाइन के माध्यम से पानी नहीं पहुंचा तो किसानों की बुराई मुझे झेलना पड़ रहा है। ठेकेदार की लापरवाही के कारण किसानों को नहर का पानी नहीं मिल रहा है। विभाग की जवाबदारी थी लेकिन विभाग सोया था। सरकार अधिकारियों को तनख्वाह दे रही है। 3 साल से किसान नहर से पानी की आस लगाए बैठे हैं। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही है।
ठेकेदार के डर के कारण विभाग ने नहर का गुणवत्ता पूर्वक काम नहीं कराया। जब तक नहर का काम पूर्ण नहीं होता अधिकारी निर्माण कार्य का मूल्यांकन नहीं करें। अधिकारियों ने मूल्यांकन कर दिया तो मैं क्षेत्र के किसानों के साथ बाद धरना प्रदर्शन करूंगा और मुख्यमंत्री को समस्या से अवगत कराऊंगा। यह चेतावनी विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने कार्यपालन यंत्री सीएल मरकाम को दी।
दरअसल ग्राम गौना,नांदकुड़ी वायगांव,सहनगांव,बिसनूर, काजली सहित अन्य ग्राम के किसान 3 साल से फसलों को सिंचाई के लिए नहर का पानी नहीं मिलने और ठेकेदार द्वारा नहर का घटिया निर्माण कार्य करने को लेकर विधायक चंद्रशेखर देशमुख के साथ जल संसाधन संभाग कार्यालय पहुंचे थे। किसानों ने विधायक के सामने जल संसाधन संभाग के अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराया था। किसानों की समस्या सुनने के बाद विधायक देशमुख ने ईई सीएल मरकाम से कहा किसानों को 1 नवंबर से सिंचाई के लिए पानी मिलना चाहिए। गुणवत्ता पूर्ण निर्माण कार्य होने के बाद ही विभाग नहर का निर्माण कार्य अपने हैंड ओवर ले।
किसानों की समस्या
नहर का प्रेशर मैनेजमेंट कार्य को गुणवत्तापूर्ण किया जाए। किसानों के खेतों में पॉइंट पहुंचाया जाए। जिन किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिला उनका बिल वापस लिया जाए। नहर की पाइप लाइन गहरी खुदाई कर बिछाई जाए।
इनका कहना…..
किसानों द्वारा बताई गई समस्या का निराकरण किया जाएगा।
सीएल मरकाम
कार्यपालन यंत्री
जल संसाधन संभाग, मुलताई।




