Betul Samachar: डोनीवाल ने नियम विरूद्ध जाकर की लाखों की खरीदी

Betul Samachar: Doniwal went against the rules and made purchases worth lakhs

आरटीआई में निकाली जांच रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, एकलव्य के फर्जीवाड़े का सच उजागर…

Betul Samachar:(बैतूल)। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शाहपुर में प्राचार्य एसके डोनीवाल और टीम भ्रष्टाचार का काला कारनामा सामने आ गया है। यहां हुए भ्रष्टाचार को लेकर सांझवीर टाईम्स ने सिलसिलेवार खबर प्रकाशित की तो कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा तीन सदस्यीय दल से जांच कराई थी। प्रतिवेदन में सांझवीर टाईम्स की उन खबरों पर सच्चाई की मोहर लग गई है। इससे साफ हो गया है कि एकलव्य आदिवासी विद्यालय शाहपुर में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है।

जानकारी के मुताबिक जांच रिपोर्ट में एकलव्य आदर्श आवासीय परिसर में नियम, कायदे , कानूनों को ताक पर रखकर लाखों रुपए की हेराफेरी किए जाने के प्रमाण जांच अधिकारियों को मिले हैं। जिसका उल्लेख जांच प्रतिवेदन में किया गया है, लेकिन इसे विडंबना ही कहा जाए कि शासन स्तर पर इन भ्रष्टाचारियों पर अभी तक कार्यवाही सुनिश्चित नहीं हुआ है। खास बात यह है कि पूरी जांच रिपोर्ट में ठेकेदार के खिलाफ कोई भी कार्यवाही की अनुशंसा नहीं की गई है, जबकि वर्तमान में ठेकेदार मां वैष्णो ट्रेडिंग कम्पनी भोपाल के पास आउटसोर्स और मेस संचालन का कार्य है। नियम के मुताबिक ठेकेदार को भी तत्काल ब्लेक लिस्टेड कर एफआईआर कराई जानी चाहिए।

जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि उपरोक्त सामग्रियों के क्रय में मध्यप्रदेश शासन, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल के पत्र क्रमांक 595 दिनांक 13 जनवरी 2023 में उल्लेखित नियम प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है, जबकि नियमानुसार 2.50 लाख से अधिक मूल्य की सामग्री क्रय किए जाने की स्थिति में खुली निविदा के माध्यम से सामग्री क्रय की कार्यवाही की जाना थी। इसका पालन नहीं किया गया है। जांच में यह भी पाया गया है कि सामग्री के क्रय का आदेश दिए जाते समय एवं अनुबंध के अनुसार सामग्री प्राप्त नहीं की गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि अनुबंध में उल्लेखित स्पेशिफिकेशन के अनुसार देयक का भुगतान किया गया है। देयक के भुगतान के पूर्व मध्यप्रदेश शासन, आदिम जाति कल्याण विभाग मंत्रालय भोपाल के पत्र क्रमांक 795 दिनांक 14 जुलाई 2020 के द्वारा मध्यप्रदेश स्पेशल एण्ड रेसीडेंसियल एकेडमिक सोसायटी (एमपीसरस) के बायलॉज की कंडिका 20 के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में गठित विद्यालयीन समिति से सामग्री का सत्यापन एवं भुगतान की अनुशंसा लिए जाने की कार्यवाही करनी थी जो नहीं की गई है। उक्त सक्षम समिति से सत्यापन कराए बिना सामग्री के देयकों का भुगतान कर दिया है।

अनुपयुक्त सामग्रियों की भी कर डाली खरीददारी

एकलव्य के प्राचार्य और उनकी भ्रष्टाचारी टीम ने फर्जीवाड़े की हदें किस तरह पार की उसका खुलासा जांच में किया गया है। जांच के दौरान क्रय की गई सामग्रियां गुणवत्ताहीन पाई गई है। आयुक्त, जनजातीय कार्य सह सचिव, मध्यप्रदेश स्पेशल एण्ड रेसीडेंसियल एकेडमिक सोसायटी के पत्र क्रमांक-242 दिनांक 20 मार्च 2023 के द्वारा जारी दिशा निर्देश में बिस्तर सामग्री में दरी क्रय किए जाने का प्रावधान ही नहीं है। इसके बावजूद भी प्राचार्य डोनीवाल द्वारा दरियां क्रय की जाकर अनुचित व्यय किया गया है । प्राचार्य के द्वारा स्वैच्छाचारितापूर्ण ढंग से संस्था स्तर पर 1 व्याख्याता, 2 शिक्षक एवं 2 अतिथि तथा नेमप्लेट एवं कोटेशन नेमप्लेट के क्रय का भी कोई प्रावधान नहीं था। इसके बावजूद नेमप्लेट एवं कोटेशन नेमप्लेट पर 5 लाख से अधिक राशि का अनुचित व्यय कर दिया गया है । इसके बाद अधीक्षकों को सम्मिलित कर समिति बनाकर सामग्री का सत्यापन एवं भुगतान की अनुशंसा कराई गई है। जबकि प्राचार्य को एमपीसरस के बायलॉज के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में निर्धारित समिति से सामग्री का सत्यापन एवं भुगतान की अनुशंसा प्राप्त करना था ।

सफाई के नाम पर निकाले ढाई लाख, आउट सोर्स कर्मचारियों की ईपीएफ राशि भी डकारी

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शाहपुर में मेस एवं सफाई व्यवस्था के नाम पर भी बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। साथ ही विद्यालय परिसर में कार्यरत आउट सोर्स कर्मचारियों की ईपीएफ की राशि भी कर्मचारियों के खातों में ना डालकर अपनी तिजोरी में रख ली गयी। जांच में पाया गया है कि परिसर में सफाई कार्य ठेके से कराया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में मेस व्यय माह जून एवं जुलाई 2023 का भुगतान संबंधित एजेंसी को किया गया है। इन दो माह के भुगतान देयकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति के आधार पर वास्तविक भुगतान योग्य राशि का मिलान कर जब परीक्षण किया गया तो पाया गया कि इन दो माह में ही संबंधित ठेकेदार को 2.46 लाख का अधिक भुगतान किया गया है।

जबकि इसका साल भर का रेशो यदि निकाला जाए तो हो सकता है कि ठेकेदार को 15 लाख रुपए का अधिक भुगतान कर दिया गया हो। इसके अलावा पाया गया की ठेकेदार के द्वारा आउटसोर्स के माध्यम से नियुक्त किए गए कर्मचारियों को भी निर्धारित मानदेय के अनुसार वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। संबंधित कर्मचारियों की ईपीएफ राशि भी जमा नहीं की गई है । प्राचार्य से ईपीएफ सहित पूर्ण राशि ठेकेदार द्वारा प्राप्त की जाती रही है । प्राचार्य के द्वारा भी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन दिलाये जाने एवं उनकी ईपीएफ की राशि जमा कराए जाने हेतु कोई प्रयास एवं कार्यवाही नहीं की गई है। जो यह बताता है कि आउटसोर्स कर्मचारियों की मजबूरी का बेजा फायदा उठाते हुए इन भ्रष्टाचारियों ने अपनी जेब गर्म करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है।

whatsapp

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button