Betul Samachar: आखिर नपा ने सीमेंट रोड पर बेरीकेडिंग पाइप लगाए
Betul News: At last the municipality installed barricading pipes on the cement road

बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, सांझवीर की खबर के बाद जागी नपा
Betul Samachar: बैतूल। नींद से जागी नपा ने आखिर सीमेंट रोड पर यातायात व्यवस्था सुधारने का पहला प्रयास किया है। आए दिनों जाम लगने के कारण मुख्य बाजार में व्यवस्था बेपटरी होने के बाद सांझवीर टाईम्स ने व्यापारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण की जागीर को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद देर आए दुरुस्त आए की तर्ज पर नपा ने मंगलवार शाम इस मुख्य मार्ग पर मजबूत बेरीकेटिंग कर दी है। इसी के साथ अब यहां चौपहिया वाहन निकलने का रास्ता बंद हो गया है।
वैसे नपा ने यह व्यवस्था कर फौरी तौर पर सीमेंट रोड पर बार-बार होने वाले जाम से पहली मुक्ति का प्रयास किया है। इसके बाद भी यहां जाम की स्थिति तथाकथित व्यापारियों द्वारा सड़क तक किए गए अतिक्रमण के कारण होगी। अपना व्यापार बढ़ाने के लिए व्यापारियों ने प्रतिष्ठान के बोर्ड सड़क तक रख दिए। इसी से दोपहिया वाहन निकलने के कारण जाम की स्थिति बनेगी। इससे भी नपा को निपटना किसी चुनौती से कम नहीं है। हालांकि नपा ने तर्क दिया है कि सीमेंट रोड की व्यवस्था बनाने के लिए यह पहला प्रयास किया है। इसके बाद बिना दबाव के अतिक्रमण हटाकर व्यापारियों को नसीहत दी जाएगी और इसे जब्त कर चालान भी बनाए जाएंगे।

मजबूत पाइप लगने से सुधरेगी व्यवस्था
नपा के राजस्व निरीक्षक सुभाष प्रजापति ने बताया कि साप्ताहिक अवकाश के दिन कोठीबाजार के सीमेंट रोड शुरू होने के पहले लोहे के पाइप से मजबूत बेरीकेडिंग कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बेरीकेडिंग के बाद यहां केवल दोपहिया वाहन ही निकलेंगे। चौपहिया वाहन निकलने का रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। रात में वाहन चालकों को असुविधा न हो, इसके लिए पोल पर रेडियम भी लगा दिए गए हैं, ताकि वाहनों की रोशनी से कोई दुर्घटना न हो। उन्होंने बताया कि पाइप तोड़ने या उखड़ाने पर अब संबंधित लोगों के खिलाफ अब सीधे एफआईआर की जाएगी। शीघ्र ही सीमेंट रोड की व्यवस्था सुधारने के लिए नपा रोड तक आए अतिक्रमण पर भी कार्रवाई करेगी। उसे भी जब्त कर कार्रवाई करेगी।




