Today Betul News: बडोरा में दो रेस्टारेंट में लगी आग,सिलेण्डर में हुए धमाके,तीन दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू, लाखों का नुकसान
Today Betul News: Fire broke out in two restaurants in Badora, explosions in cylinders, three fire engines brought the fire under control, loss worth lakhs

Today Betul News: बैतूलबाजार थाना क्षेत्र बडोरा में मंगलवार की रात को दो रेस्टारेंट में अज्ञात कारण से आग लग गई। आग के बाद गैस सिलेण्डर में ब्लॉस्ट होने से लोग दहशत में आ गए और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस और दमकल की गाड़ियां पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यहां एक बड़ा हादसा होते टल गया है। बैतूलबाजार पुलिस रेस्टारेंट में हुए आगजनी की घटना की जांच में जुट गई है।
बैतूलबाजार पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात लगभग 12.30 बजे वर्मा पेट्रोल पंप के करीब स्थित अनीता रेस्टोरेंट और सुशांत रेस्टोरेंट में धुआं उठता दिखा, इसकी जानकारी आसपास मौजूद लोगों ने दुकान संचालकों को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने बैतूल, बैतूल बाजार फायर ब्रिगेड को आग लगने की जानकारी दी। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती आग तेजी से दोनों रेस्टोरेंट में फैल गई। जिसके चलते दोनों रेस्टोरेंट में रखे गैस सिलेंडरों में एक-एक कर कई ब्लास्ट हुए,जिससे आग और फैल गई।
हरदा जिले के एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट होने के कारण राहत बचाव के लिए बैतूल से 4 दमकल गाड़ियों को हरदा भेजा गया था। दमकलों के हरदा भेजे जाने से आग पर काबू पाने में मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड के वाहन छोटे थे। जिन्होंने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और आग पर बमुश्किल काबू पाया गया। जिन दो रेस्टारेंट में आगजनी की घटना हुई है, यहां से पेट्रोल पंप की दूरी महज कुछ ही मीटर थी। ऐसे में आग फैलने का खतरा भी बना हुआ था। आग लगने की सूचना पर बैतूल बाजार थाना कोतवाली थाना और गंज थाना पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। बैतूल एसडीओपी ने भी मौके पर पहुंचकर भीषण आग को देखते हुए आमला नगर पालिका के दमकल वाहन को बैतूल बुलाया। आग लगने के कारणों कारण अभी सामने नहीं आया है। आशंका है की यह शॉर्ट सर्किट से लगी हो, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने का कारण सामने आ पाएगा।





