Betul ki Khabar: झाड़-फूंक कराने गांव पहुंचे युवक की हत्या

सिर, कान के नीचे और पेट पर धारदार हथियार के निशान, घर मालिक और उसका भाई हिरासत में
Betul ki Khabar: बैतूल। झल्लार थाना क्षेत्र के खोदरी गांव में झाड़-फूंक कराने पहुंचे 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव गांव के ही एक व्यक्ति के घर में मिला। शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं।
घटना के बाद पुलिस ने घर के मालिक सुनील और उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शेखर पाल पिता दिनेश पाल (25), निवासी पांगरा, थाना कोतवाली क्षेत्र, के रूप में हुई है।
झल्लार थाना प्रभारी वहीद खान ने बताया कि शेखर बुधवार को खोदरी गांव में सुनील के घर भगत-भूमका यानी झाड़-फूंक कराने के लिए आया था। इसके बाद वह उसी घर में रुका था। गुरुवार को घर में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई।
प्रारंभिक जांच में युवक के सिर, कान के नीचे और पेट पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही झल्लार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
बैतूल से बुलाई फॉरेंसिक टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए बैतूल से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद वस्तुओं और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
प्रारंभिक जांच में विवाद सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस युवक के खोदरी पहुंचने, उसके साथ मौजूद लोगों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
घर के मालिक सुनील और उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्या की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




