वीडियो : सीएम देरी से आए, पहले ही पंडाल में बैठने को जगह नहीं
CM In Sarni: CM came late, already there is no place to sit in the pandal

काला झंडा दिखाने जा रहे कांग्रेसी और आप कार्यकर्ता हिरासत में

CM In Sarni : (बैतूल/सारनी/आमला)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक दिवसीय प्रवास पर गुरूवार को लगभग 45 मिनट देरी से पहुंचे। इसके पहले ही बगडोना के हवाई पट्टी पर बनाया गया पंडाल पूरी तरह भर चुका था। सीएम को सुनने के लिए बड़ी तादाद में ग्रामीण क्षेत्रों से लोग यहां पहुंचे थे। मुख्यमंत्री का उडऩ खटोला पाथाखेड़ा के मैदान पर उतरने के बाद रोड शो करते हुए बगडोना स्थित सभा स्थल पहुंचेंगा। उधर मुख्यमंत्री के आगमन के पहले कांग्रेसी भी सक्रिय हो गए। जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, कांग्रेस नेता मलोज मालवे समेत अन्य नेताओं को बोरी मार्ग से सारनी जाते समय पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
सारनी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 3.45 बजे आना था, लेकिन छिंदवाड़ा जिले के जाम सांवली में आयोजित कार्यक्रम के अलावा सौंसर में शािमल होने के बाद छिंदवाड़ा में रोड शो में विलंब होने के कारण मुख्यमंत्री लगभग 45 मिनट देरी से यहां पहुंचे। हालांकि उनके पहुंचने के पहले ही बगडोना स्थित सभा स्थल दोपहर 2 बजे से खचाखच भर चुका था। हालात यह थे कि बाद में पहुंचे लोगों को यहां कुर्सी नसीब नहीं हुई। इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग बगडोना स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे है।
जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री पाथाखेड़ा स्थित मैदान से उतरने के बाद शोभापुर होते हुए रोड शो करेंगे। इसके बाद कार्यक्रम में शामिल होकर चरण पादुका योजना और 550 मेगावाट वाली यूनिट के लिए भूमिपूजन करेंगे। सुबह से ही यहां सांसद दुर्गादास उईके, पूर्व सांसद हेमंत खण्डेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष बबला शुक्ला, भाजपा विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता पहुंच गए थे। व्यवस्था बनाने के लिए क्षेत्रीय विधायक डॉ पंडाग्रे ने कमान खुद हाथ में ले रखी थी।
कांग्रेसी-आप कार्यकर्ता हिरासत में

इधर आमला से सारनी मार्ग पर बोरीखुर्द के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दरअसल यह कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने के लिए बोरीखुर्द मार्ग से सारनी जा रहे थे। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष हेमंत वागद्रे समेत आधा सैकड़ा से अधिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस ने हिरासत में लिया। उधर सारनी में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा विरोध जताने वाले आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने की खबर है।
यहां देखें वीडियो…
30 हजार लोगों के बैठने की थी व्यवस्था, कम पड़ी कुर्सियां
सारणी से हमारे संवाददाता कालीदास चौरासे ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सारनी पहुंचने से पहले ही बगडोना हवाई पट्टी पर बनाया गया सभा स्थल पब्लिक से भर गया। गौरतलब है कि प्रशासन ने 30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की थी। लेकिन प्रशासन के अनुमान से कहीं ज्यादा लोगों के सभा स्थल पर पहुंचने का अनुमान है। वहीं सीएम के कार्यक्रम के दौरान विरोध, प्रदर्शन करने वाले संभावित कांग्रेस और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर अलग अलग पुलिस थानों में बैठा रखा है।
अब तक कांग्रेस नेता भूषण कांति, बटेश्वर भारती, किशोर चौहान, राफे बक्श, हेमंत, गौतम नागले को पुलिस ने गिरफ्तार कर पुलिस थाने में बैठाया है। वहीं आम आदमी पार्टी के अजय सोनी, सपन कामला, शिबू विश्वकर्मा, संतोष देशमुख को गिरफ्तार कर चोपना थाने ले जाया गया है। जबकि कांग्रेस नेता विक्की सिंह, राकेश महाले नजर बंद है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कोई भी खलल पैदा नहीं हो इसको लेकर कड़ी पुलिस सुरक्षा तैनात है। बताया जा रहा है कि पहले बैतूल हरदा होशंगाबाद रायसेन जिले से पुलिस बल मंगवाया गया था लेकिन मुख्यमंत्री के रात्रि विश्राम सारणी में ही करने की वजह से जबलपुर, ग्वालियर, छिंदवाड़ा और भोपाल से भी पुलिस बल सारणी, पाथाखेड़ा, बगडोना क्षेत्र में तैनात किया है।
सीएम की सभा में मंच पर बैठ सकेंगे 20 अतिथि

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के जनसभा मंच पर 20 अतिथियों के बैठने का इंतजाम किया गया है। जबकि 70 नेता अधिकारी और कार्यकर्ता मंच पर मौजूद रह सकते हैं। जबकि भाजपा नेताओं द्वारा 120 लोगों के मंच पर उपस्थित रहने की मांग प्रशासन से की गई थी। लेकिन सुरक्षा कर्म से प्रशासन द्वारा 70 लोगों के मंच पर मौजूद रहने की व्यवस्था की गई है। जबकि सभा के सामने बनाए गए डी में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई है।




