Betul News: अक्टूबर में मिल सकती है क्रिटिकल केयर ब्लॉक की सौगात

Betul News: The gift of critical care block can be received in October

40 नर्सिंग स्टाफ और 30 चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की पड़ेंगी जरूरत

Betul News: बैतूल। जिलेवासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में जल्द ही बड़ी सौगात मिलने वाली है। जिला अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-अभीम) के अंतर्गत बनाए गए क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। लगभग 18 से 19 करोड़ रुपए की लागत से बने इस अत्याधुनिक भवन में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ तो अक्टूबर माह में इस ब्लॉक का शुभारंभ कर दिया जाएगा।

जिला मुख्यालय पर क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भवन तैयार हो चुका है। इसी के मद्देनजर अस्पताल प्रशासन और अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी के साथ भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कुछ कमियां पाई गईं जिन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। एजेंसी ने आश्वासन दिया है कि सितंबर तक इन कमियों को पूरी तरह से दूर कर दिया जाएगा। इसके बाद भवन पूरी तरह से उपयोग के लिए तैयार हो जाएगा। प्रशासन का कहना है कि अक्टूबर में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इसका लोकार्पण किया जाएगा।

स्टाफ की सबसे बड़ी चुनौती

भवन निर्माण पूरा हो गया है, लेकिन सबसे बड़ी समस्या स्टॉफ की कमी की है। अधिकारियों के अनुसार क्रिटिकल केयर यूनिट को चलाने के लिए लगभग 40 नर्सिंग स्टाफ और 30 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। इनके बिना इस यूनिट को शुरू करना संभव नहीं है। फिलहाल जिला अस्पताल पहले से ही नर्सिंग स्टाफ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में नए ब्लॉक को सुचारु रूप से चलाने के लिए जल्द से जल्द अतिरिक्त स्टॉफ की व्यवस्था करना अनिवार्य होगा।

शुरू करने से पहले होगा निरीक्षण

क्रिटिकल केयर ब्लॉक का संचालन शुरू करने से पहले सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया जाएगा। इसमें मशीनों का संचालन, बिजली की आपूर्ति, इमरजेंसी कनेक्शन, पानी की निकासी और सुरक्षा इंतजामों को जांचा जाएगा। इंजीनियरों और अधिकारियों की मौजूदगी में यह परीक्षण किया जाएगा। जब तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो जातीं, तब तक भवन का हैंडओवर नहीं किया जाएगा। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहले की तरह तकनीकी खामियां सामने न आएं, इसलिए इस बार विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

जिलेवासियों को मिलेगा लाभ

क्रिटिकल केयर ब्लॉक के शुरू हो जाने से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को तत्काल और आधुनिक इलाज की सुविधा जिले में ही मिल सकेगी। अभी तक मरीजों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल, नागपुर या अन्य बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब जिले के मरीजों को लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर वेंटिलेटर, आईसीयू और अन्य आपात सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि यह ब्लॉक जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। हालांकि इसके संचालन के लिए पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति और समय पर तकनीकी परीक्षण सबसे महत्वपूर्ण होंगे। यदि यह चुनौतियां समय रहते हल हो गईं तो अक्टूबर से जिलेवासियों को इस बहुप्रतीक्षित सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

इनका कहना…..

कुछ दिन पहले क्रिटिकल केयर ब्लॉक की व्यवस्थाओं को देखा गया, कुछ कमियां पाई गई, जिसे दूर करने के लिए कहा गया है। संभवत: अक्टूबर माह में ब्लॉक की शुरूआत हो जाएगी।

डॉ. रानू वर्मा, आरएमओ, बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button