Betul News: सागौन कटाई के साथ जंगल में कब्जे का भी खेल!

कंपार्टमेंट 1073 में आधा दर्जन लोगों पर वनभूमि घेरकर मक्का बोने का आरोप, मुनारे और सीपीटी भी मिट्टी से पाटे

Betul News: बैतूल। दक्षिण वन मंडल की केरपानी सर्किल में सागौन कटाई के आरोपों के बीच अब वनभूमि पर अतिक्रमण का मामला भी चर्चा में आ चुका है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केरपानी सर्किल के कंपार्टमेंट नंबर 1073 में करीब आधा दर्जन लोगों द्वारा जंगल की जमीन पर कब्जा कर मक्का की फसल बोई गई है। कुछ हिस्सों में फसल की कटाई शुरू होने की बात भी सामने आ रही है, जबकि कई स्थानों पर अब भी मक्का की फसल लहलहा रही है।

बताया जा रहा है कि अतिक्रमणकारियों ने वनभूमि पर कब्जे के लिए न केवल सीमांकन से जुड़े मुनारों को नुकसान पहुंचाया, बल्कि जंगल में खोदी सीपीटी को भी मिट्टी डालकर बंद कर दिया। इसके बाद जमीन को कृषि उपयोग में लेते हुए मक्का की फसल लगा दी गई। सवाल यह है कि वनभूमि पर इतनी बड़ी गतिविधि आखिर वन विभाग के मैदानी अमले की नजरों से कैसे बची रही?

कटाई के साथ बढ़ रहा कब्जे का दायरा

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि जंगल में अवैध कटाई और अतिक्रमण की गतिविधियां एक-दूसरे से जुड़ी हो सकती हैं। सूत्रों का कहना है कि कथित अतिक्रमणकारियों में कुछ लोग फर्नीचर बनाने का काम भी करते हैं। ऐसे में वनभूमि पर कब्जे के साथ आसपास के जंगल से सागौन की कटाई की गतिविधियों की भी जांच किए जाने की मांग उठ रही है।

कार्रवाई नहीं होने पर उठ रहे सवाल

 वनभूमि पर कब्जे की जानकारी सामने आने के बावजूद यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अतिक्रमण का दायरा बढ़ने की आशंका है। ग्रामीणों और पर्यावरण से जुड़े लोगों का सवाल है कि जंगल की सुरक्षा के लिए तैनात मैदानी अमले की मौजूदगी में मुनारे और सीपीटी क्षतिग्रस्त कर फसल तक कैसे पहुंच गई।

उच्चस्तरीय जांच से खुल सकते हैं कई राज

मामले में यदि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मौके का भौतिक सत्यापन कर अतिक्रमण, सीपीटी और मुनारों को नुकसान पहुंचाने तथा हालिया सागौन कटाई की संयुक्त जांच कराई जाती है, तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है। साथ ही यह भी सामने आ सकता है कि वनभूमि पर कब्जा कब और कैसे किया गया तथा संबंधित अमले को इसकी जानकारी थी या नहीं। फिलहाल पूरे मामले में विभागीय जांच और मौके के निरीक्षण का इंतजार है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button