Betul Bus Stand: यात्रियों के बैठने की जगह पर एजेंटों का जगह-जगह कब्जा
बस स्टैण्ड पर यात्रियों की बुरी फजीहत, बाहर भी कब्जे से बिगड़ रही व्यवस्था

Betul Bus Stand बैतूल। जिला मुख्यालय का सरदार विष्णु सिंह बस स्टेण्ड अव्यवस्थाओं की चपेट में आ गया है। हालांकि यह सिलसिला नया नहीं है, पुराना बताया जा रहा है, लेकिन हकीकत यह है कि बस स्टेण्ड पर यात्रियों की बैठने की जगह और आसपास सभी तरफ बस एजेंटों ने कब्जा कर रखा है। इससे यात्रियों की बुरी तरह फजीहत हो रही है। इसके बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे है।
नगरपालिका बैतूल के आधिपत्य वाले बस स्टैेण्ड पर अव्यवस्थाओं की भरमार हो गई है। हालत यह है कि बस स्टेण्ड परिसर के अंदर बनाई गई बैंच पर तक शाम के समय तथाकथित अपना कब्जा जमा लेते है। दिन में जहां बसे खड़ी रहती है, इसके सामने तक बुकिंग के काउंटर खोलने से यात्रियों को बुरी तरह परेशान होना पड़ रहा है। कई मर्तबा हड़बड़ाहट में यात्री चोटिल हो चुके है, लेकिन नगरपालिका ने कोई ध्यान नहीं दिया। इससे स्थिति लगातार बिगड़ते जा रही है।
यात्रियों से भी अभद्रता की शिकायतें
सबसे बड़ी बात यह है कि बस स्टैण्ड पर कई बड़ी घटनाएं हो चुकी है। कुछ मामले में पुलिस को भी बस एजेंटों पर कार्रवाई तक करना पड़ा, लेकिन यह सिलसिला बदस्तूर जारी है। आए दिनों विवादों का केन्द्र बने बस स्टैण्ड पर एजेंट भोले भाले यात्रियों से बदसलूकी करना आम बात हो गई है। कुछ दिनों पहले ही यात्रा करने वाले एक यात्री के साथ बस एजेंट ने मारपीट की थी, हालांकि मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि एक एजेंट विवाद करता है तो दूसरे भी भीड़ जमा कर अनावश्यक तूल दे रहे है।
बाहर भी काउंटर बनाकर कब्जा
बस स्टेण्ड के बाहर भी करीब आधा दर्जन काउंटर बनाकर एजेंटों ने कब्जा कर लिया है। इन्हीं काउंटर के पास हर दिन 100 से अधिक बसें आकर खड़ी रहती है। काउंटर के सामने एजेंटों और उनके कर्ताधर्ताओं की बाईक खड़ी रहने से आए दिनों जाम की स्थिति निर्मित हो जा रही है। यहां तक की बस को रिवर्स लगाने पर भी ड्राईवरों को परेशानी होती है, लेकिन नगरपालिका ने एजेंटों पर अब तक कार्रवाई नहीं की है।
इनका कहना…
यह वास्तव में गंभीर मुद्दा है, मैं अभी अवकाश पर हंू। दो दिन बाद बस स्टैण्ड से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करेंगे।
ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ, नपा, बैतूल
बस स्टैण्ड नगरपालिका के अंतर्गत आता है। सड़क पर आवाजाही बाधित करने और एजेंटों की मनमानी पर हमने समय-समय पर कार्रवाई की है। यदि शिकायत आती है तो कार्रवाई करेंगे।
गजेन्द्र केन, यातायात प्रभारी, बैतूल




