Betul Congress News: जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में एक भी मातृशक्ति को स्थान नहीं

भाजपा ने उठाएं सवाल, प्रदेश महिला कांग्रेस में भी जिला था अछूता
Betul Congress News: बैतूल। हाल ही में घोषित बैतूल जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी सूची ने एक बार फिर पार्टी की कथनी और करनी के अंतर को उजागर कर दिया है। जिस कांग्रेस पार्टी द्वारा मंचों पर महिला सशक्तिकरण और नारी सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, उसी पार्टी की जिला कार्यकारिणी में मातृशक्ति को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। जारी सूची में महिलाओं को केवल कार्यकारिणी सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य जैसे सीमित दायित्वों तक ही रखा गया है, जबकि महत्वपूर्ण और निर्णयात्मक पदों पर उनकी भागीदारी लगभग नगण्य है।

यह स्थिति न केवल चिंताजनक है, बल्कि यह दर्शाती है कि कांग्रेस संगठन में महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देने को लेकर गंभीर नहीं है। मामले को लेकर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस की कथनी और करनी में यही अंतर है।
जिला मीडिया प्रभारी सूर्यदीप त्रिवेदी ने कहा कि प्रश्न यह उठता है कि क्या महिलाओं की भूमिका केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित कर दी गई है? क्या उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया से दूर रखा जाना ही कांग्रेस की नीति है? जब देशभर में महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं, तो कांग्रेस संगठन में उन्हें समान अवसर क्यों नहीं?
भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी मनीष मिसर ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते कहा कि आज आवश्यकता है कि कांग्रेस पार्टी अपने आंतरिक ढांचे में वास्तविक परिवर्तन लाए और मातृशक्ति को केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि प्रभावी और निर्णायक भूमिका में स्थान दे। बैतूल जिले की जागरूक जनता एवं कार्यकर्ता कांग्रेस नेतृत्व से मांग करते हैं कि इस विषय पर स्पष्ट जवाब दिया जाए तथा भविष्य में महिलाओं को संगठन के हर स्तर पर उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए।
महिला कांग्रेस में भी हो चुकी है उपेक्षा
भाजपा ऐसे ही जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी पर सवाल नहीं उठा रही। दरअसल कुछ माह पहले प्रदेश महिला कांग्रेस की जंबो कार्यकारिणी में बैतूल जिले की एक भी महिला कार्यकार्ता को जगह नहीं मिली। यह मामला उस समय भी खूब चर्चा में था। इस बीच महिला आरक्षण को लेकर स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने भी विज्ञाप्ति जारी कर और सोशल मीडिया पर जमकर बखान किया, लेकिन शनिवार को जिला कांग्रेस की कार्यकारिणी में एक भी महिला स्थान नहीं पा सकी।
जबकि कांग्रेस के आंदोलन में उनकी भागीदारी पुरूष के बराबर है। तर्क दिया जा रहा है कि उनके लिए महिला कांग्रेस आरक्षित है, लेकिन महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रह चुकी कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को दोबारा अध्यक्ष न बनाए जाने पर उन्हें क्या स्थान मिलेगा इसका कोई जवाब नहीं दिया जा रहा। इसी वजह भाजपा नेता कांग्रेस की कार्यकारिणी पर सवाल उठा रहे हैं।
इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वे बर्राढाना प्रवास पर होने और नेटवर्क न होने के कारण चर्चा नहीं हो सकी। दूसरी ओर पार्टी के प्रवक्ता लवलेश बब्बा राठौर ने कहा कि कांग्रेस में महिलाओं के लिए अलग विंग है। प्रदेश महिला कांग्रेस में महिलाओं को स्थान नहीं मिला है तो इस संबंध में अध्यक्ष से माध्यम से चर्चा की जाएगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




