New CM Rise School: नए सीएम राइज स्कूल में पढ़ने का सपना नहीं होगा पूरा
New CM Rise School: The dream of studying in the new CM Rise School will not be fulfilled.

अब तक आधा भी नहीं हो पाया निर्माण कार्य पूरा
New CM Rise School: करोड़ों की लागत से जिले मेें सीएम राइज स्कूल के नए भवनों का निर्माण किया जा रहा है। यह निर्माण कार्य कछुआ चाल से चल रहा है। ऐसे में सर्वसुविधायुक्त सीएम राइज स्कूल भवन में पढ़ने का सपना नए सत्र में अधूरा रहेगा। अब तक स्कूलों का आधा भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। काम पूरा नहीं होने का कारण यह है कि सरकार की तरफ से मिलने वाली राशि में देरी हो रही है और बैतूल में वैसे भी सीएम राइज स्कूल के निर्माण को लेकर स्वीकृति देरी से मिली है।
बैतूल जिले में सात सीएम राइज स्कूल भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है। अभी तक स्कूल भवन बनकर तैयार नहीं हो पाए हैं। इस स्थिति में नए शिक्षा सत्र में विद्यार्थियों के नए आधुनिक भवन में पढ़ने का सपना पूरा नहीं होगा, क्योंकि अभी भवनों के निर्माण वाली लंबा समय लग सकता है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बैतूल में बैतूलबाजार, आमला, घोड़ाडोंगरी, गुरवा, भीमपुर और भैंसदेही में सीएम राइज नए भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है। सभी जगह भवनों का निर्माण कार्य अब तक महज तीस प्रतिशत ही पूरा हो पाया है। ऐसे में नए शिक्षा सत्र में विद्यार्थियों को नए भवन की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाएगी।
नए भवन की सुविधा के लिए विद्यार्थियों को एक वर्ष और इंतजार करना पड़ सकता है। नया शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के लिए महज कुछ ही माह का समय शेष है और इतने जल्दी सीएम राइज स्कूल भवन बनकर तैयार नहीं होगा। कुल मिलाकर विद्यार्थियों को पुराने भवनों में ही बैठकर एक वर्ष तक पढ़ाई करनी होगी।
समय पर नहीं मिल रही राशि
जानकारी के मुताबिक सीएम राशि स्कूल के निर्माण को लेकर लेटलतीफी इसलिए भी हो रही है कि शासन की ओर से भवन निर्माण के लिए समय पर राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे भवन निर्माण कार्य में देरी हो रही है। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि बैतूल में सीएम राइज भवन निर्माण को लेकर हरीझंडी देरी से मिली है। इसलिए भी निर्माण कार्य देरी से प्रारंभ हुआ। समय पर अनुमति मिलती और राशि भुगतान होता तो अब तक स्कूल भवनों का निर्माण कार्य पचास प्रतिशत से अधिक पूरा अधिक हो जाता।
बैतूल में बन रहे सात सीएम राइज स्कूल भवनों का निर्माण कार्य महज तीस प्रतिशत ही हो पाया है। जिस तरह से भवनों का निर्माण कार्य की स्वीकृति मिली और भवन बनने लगा। विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी झलक रही थी कि अब उन्हें जल्द नए भवन की सौगात मिलेगी, लेकिन विद्यार्थियों का यह सपना नए सत्र के लिए अधूरा रह जाएगा।
हाईटेक सुविधा से लैस होंगे स्कूल भवन
सीएम राइज स्कूल भवनों की खास बात यह है कि यह हाईटेक सुविधाओं से लैस रहेंगे। नए भवनों में विद्यार्थियों को बैठने खेलने, शिक्षकों को रूकने, फिजिक्स, कैमेस्ट्री्र बायोलाजी में कंप्यूटर की लैब की सुविधा भी होगी। एग्रीकल्चर की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग से एग्रो गार्डन बनाया जाएगा। इस तरह से भवन में कई प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होगी। स्कूल से 15 किमी दूर के दायरे में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आने जाने के लिए बसों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। विद्यार्थी आसानी से स्कूल और घर आ जा सकेंगे।
इनका कहना…
बैतूल जिले में सात सीएम राइज स्कूल भवनों का निर्माण कार्य जारी है। अब तक तीस प्रतिशत ही निर्माण कार्य पूरा हो पाया है। नए सत्र तक स्कूल भवन बनकर तैयार नहीं होंगे। भवन निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 2025 तक की डेडलाइन दी गई है।
ज्ञानदीप भूमकर, एसडीओ पीआईयू बैतूल।





