Congress News : कांग्रेस की तू- तू, मैं- मैं के सूत्रधार की तलाश!

Congress News: Search for the leader of Congress's Tu-Tu, Main-Main!

एक नहीं बल्कि टिकट के चार दावेदार विरोध करने पहुंचे थे भोपाल, विवाद होने पर अलग- अलग लौटे

Congress News : (बैतूल)। चुनावी चकल्लस के बीच विस्फोटक खबर सामने आई है कि कांग्रेस में चुनावी लिहाज से सब कुछ ठीक नहीं चल रहा हैं। हाल ही में घोड़ाडोंगरी विधानसभा के सिटिंग एमएलए ब्रह्मा भलावी की टिकट कटने के बाद काफी बवाल मच गया । मामला पीसीसी चीफ कमलनाथ तक पहुंच चुका है। कांग्रेस के अंदरखाने की खबरों लर यकीन करें तो ब्रह्मा ने अपनी टिकट कटने पर कमलनाथ के सामने अपनी मन की बात भी जाहिर की थी। इसके बाद भोपाल से लौटते ही ब्रह्मा का विरोध शांति में तब्दील हो गया।

मीडिया में जारी खबरों में सामने आया था कि सिर्फ ब्रह्मा ने अपनी टिकट कटने का विरोध करते हुए भोपाल कुछ किया था, लेकिन वास्तविकता यह है कि उस दिन घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र से सिर्फ ब्रह्मा ही नहीं बल्कि चार दावेदार अपना विरोध दर्ज कराए जाने के लिए भोपाल पहुंचे थे। जानकारी यह भी मिली है कि कमलनाथ से मुलाकात के बाद इन चारों दावेदारों के बीच जमकर बहस भी हुई, इसके बाद चारों अलग- अलग वाहनों से वापस बैतूल लौट आए। अब सवाल है कि आखिर इन चारों दावेदारों को भोपाल पहुंचाने वाला कौनसा कांग्रेस का पदाधिकारी है, जिसके दिमाग की उपज ने इन्हें विरोध करने पर मजबूर कर दिया।

ब्रह्मा ने तीन नामों का दिया था प्रस्ताव (Congress News)

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जैसे ही घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र से राहुल उइके की टिकट फाइनल होने की घोषणा कांग्रेस ने की वैसे ही ब्रह्मा के खेमे में बवाल मचना शुरू हो गया था। आनन- फानन में तुरंत बैठकों का दौर शुरू हुआ। इसी बीच जिला कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने ब्रह्मा को आगे कर कमलनाथ के पास विरोध दर्ज कराए जाने की सलाह दे डाली। इसी चकल्लस के बीच कमलनाथ को दिए जाने के लिए पत्र भी तैयार कर लिया गया । इसमें आपसी सहमति से यह तय किया गया था कि यदि ब्रह्मा को टिकट नहीं दिया जा रहा है तो टिकिट रमेश ककोड़िया को दी जाए।

इसके अलावा महिला नेत्री पुष्पा पन्द्राम या फिर जनपद उपाध्यक्ष ज्ञानू परते को टिकिट दिए जाने की वकालत ब्रह्मा भलावी द्वारा की गई थी। सूत्रों के मुताबिक ब्रह्मा भोपाल अकेले नहीं बल्कि इन तीन दावेदारों को भी साथ ले गए थे, ताकि तीनों में से किसी एक की दाल गल जाए, लेकिन ऐसा हो नहीं सका और इन सभी को मायूस होकर वापस बैतूल लौटना पड़ा।

भोपाल में जमकर झगड़े चारों दावेदार

टिकट की दावेदारी करने भोपाल पहुंचे चारों दावेदारों पर कहावत सटीक बैठी कि बड़े बे आबरू होकर तेरे कूचे से निकले हम , कभी हम आपको और कभी आपके आश्वासनों को देखते हैं …..सूत्र बताते हैं कि ब्रह्मा के साथ गए तीनों दावेदारों को उम्मीद थी कि कमलनाथ दी गई टिकट पर कुछ विचार विमर्श करेंगे। इसके बाद तीनों में से किसी का तो भला हो ही जाएगा, पर ऐसा हो नहीं सका। सूत्र बताते हैं कि कमलनाथ की दो टूक सुनने के बाद जैसे ही सब बाहर आएं और इनमें आपस में ही बहसबाजी होनी शुरू हो गई। अपुष्ट सूत्रों ने बताया कि बहस इतनी बढ़ गई कि चारों ने अपने अपने साधन संभाले और वापस बैतूल लौट आएं।

किस कांग्रेस पदाधिकारी ने रची थी रचना?

पूरे घटनाक्रम को लेकर जानकारी मिली है कि ब्रम्हा की टिकट कटने के तुरंत बाद जिला कांग्रेस कमेटी के कुछ पदाधिकारी अचानक सक्रिय हो गए। सूत्र बताते हैं कि टिकट कटने के ब्रह्मा कोई विरोध करना नहीं चाहते थे, लेकिन इन पदाधिकारियों ने ब्रह्मा को चने के झाड़ पर चढ़ाकर भोपाल भेजने पर मजबूर कर दिया था। इसी का परिणाम है कि तीन दावेदारों के अरमानों पर पानी फिर गया और सिटिंग एमएलए ब्रम्हा को सफाई देनी पड़ी की टिकिट के मामले से मेरा कोई लेना देना नहीं है, मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं, लेकिन अब तक विभीषण बने कांग्रेसी को कोई तलाश नहीं पाया है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button