Betul News: चौपाटी पर काम शुरू करने मार्ग होगा बंद

पहले पुलिस ग्राउंड वाली दीवार से सटी दुकानों को स्थानांतरित कर शुरू होगा काम
Betul News: बैतूल। करीब 1.62 लाख की लागत से नेहरू पार्क की चौपाटी के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गई है। चूंकि आने वाले दिनों में स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल दोबारा निरीक्षण करने वाले हैं। इसके पहले काम शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। बताया जाता है कि नगरपालिका पहले पुलिस ग्राउंड की दीवार से लगी दुकानों को नेहरू पार्क की ओर शिफ्ट कर काम शुरू करवाएंगी। हालांकि दुकानों की संख्या अधिक होने के बाद नपा यहां पर बनी व्हाइट टापिंग सड़क पर दुकान लगाकर अस्थाई विकल्प ढूंढ रही है। इसके लिए यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद करना पड़ेगा। केवल दोपहिया वाहन इस मार्ग से जा पाएंगे।
बताया जाता है कि विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर नेहरू पार्क की चौपाटी का कायाकल्प हो रहा है। इसके लिए 1.62 लाख खर्च किया जाना है। नपा के सम्मेलन में इसके लिए पूर्व में ही प्रस्ताव लिया जा चुका है। टेंडर होने के बाद हारोड़े कंस्ट्रक्शन चौपाटी के कायाकल्प का जिम्मा संभालेगा। ठेकेदार काम करने के लिए तैयार है, लेकिन दुकानें शिफ्ट न होने के कारण काम रूका हुआ है। उधर जानकारी मिली है कि विधायक खंडेलवाल 18 या 19 जनवरी को चौपाटी का निरीक्षण कर सकते हैं।
इसके पहले नगरपालिका ने मंगलवार राजस्व विभाग को निर्देश दिए हैं कि पुलिस ग्राउंड की दीवार से सटी चौपाटी की दुकानों को नेहरू पार्क की ओर स्थानांतरित किया जाए। इसके लिए तीन दिन का समय दिया गया है। निर्माण कार्य में विलंब होने का हवाला देकर सीएमओ ने राजस्व विभाग को चौपाटी बाजार की नवीन निर्माण परियोजना की परेशानी को दूर करने के लिए कहा है।
रास्ता बंद करना ही एक विकल्प
जानकारी सामने आई है कि चौपाटी पर इस ओर दोनों ओर करीब 100 से अधिक दुकानें लगी है। पहले नपा पुलिस ग्राउंड की दुकानों को नेहरू पार्क की ओर शिफ्ट करने का प्रयास कर रही है। यहां पर विकल्प है कि जिनकी दो दुकानें है, उन्हें निर्माण के दौरान एक किया जाए, ताकि पुलिस ग्राउंड की दीवार के पास वाले दुकानदारों को भी दुकान लगाने का मौका मिले।
हालांकि दुकानों की संख्या अधिक होने के बाद नपा ने विकल्प रखा है कि हाल ही में बनी व्हाइट टापिंग सड़क पर दुकान लगाईजाए, ताकि छोटे दुकानदारों को दुकाने लगाने की नौबत न आए। इसके लिए निर्माण कार्य चलने तक यह मार्ग बंद करना ही विकल्प बचेगा। चौपहिया वाहन इस मार्ग पर प्रतिबंधित किए जा सकते हैं। केवल दोपहिया वाहन ही यहां से निकल पाएंगे।
इनका कहना…
1.62 लाख की लागत से बनने वाली चौपाटी का काम शुरू किया जा रहा है। चूंकि शिफ्टिंग के दौरान किसी की दुकानें बंद न हो, इसलिए प्रयास किए जा रहे हैं कि सड़क पर इन्हें दुकानें लगाने का मौका दिया जाकर निर्माण कार्य होने तक बड़े वाहनों को इस मार्ग पर प्रतिबंधित कर दें।
पंकज धुर्वे, सब इंजीनियर नपा बैतूल




