Betul News: चौपाटी का बदलने लगा रंग-रूप, दूसरी लेन का कायाकल्प भी शुरू

22 फीट चौड़ी मिलेगी सड़क, एक माह में व्यवस्थित होंगी 120 दुकानें, जाम से मिलेगी राहत

Betul News: बैतूल। शहर के अंबेडकर चौक स्थित चौपाटी का अब नया स्वरूप अब धीरे धीरे नजर आने लगा है। अव्यवस्थित दुकानों और सड़क पर खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका ने चौपाटी के कायाकल्प की कवायद और तेज कर दी है। पहली लेन का काम पूरा होने के बाद अब दूसरी लेन को व्यवस्थित करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।

नपा अधिकारियों के अनुसार, अगले एक माह के भीतर चौपाटी को व्यवस्थित रूप देने का लक्ष्य रखा गया है। इस बदलाव से न केवल दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा, बल्कि आम नागरिकों और वाहन चालकों को भी आवागमन में राहत मिलेगी।

चौपाटी के कायाकल्प के पहले चरण में पुलिस ग्राउंड की ओर स्थित 60 दुकानों को व्यवस्थित किया गया है। अब दूसरे चरण में नेहरू पार्क की बाउंड्रीवॉल से लगी दुकानों को व्यवस्थित करने का काम शुरू किया गया है। इस तरह दोनों लेन की कुल 120 दुकानों को नए सिरे से व्यवस्थित किया जा रहा है। नगर पालिका का प्रयास है कि चौपाटी में दुकानें निर्धारित व्यवस्था के तहत संचालित हों और सड़क पर अनावश्यक अवरोध की स्थिति न बने।

पेड़ों की छंटाई के बाद तैयार होगा स्ट्रक्चर

राजस्व निरीक्षक ब्रज गोपाल परते ने बताया कि दूसरी लेन में दुकानों को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। नेहरू पार्क की बाउंड्रीवॉल से लगी दुकानों के आसपास पेड़ों की छंटाई की जा रही है। इसके बाद तैयार किए गए स्ट्रक्चर पर छत डाली जाएगी। दुकानें तैयार होने के बाद नियमानुसार पात्र दुकानदारों को हैंडओवर की जाएंगी। पूरी प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

22 फीट सड़क खुलने से मिलेगी जाम से राहत

चौपाटी में दुकानों की अव्यवस्थित स्थिति के चलते वाहन सड़क पर ही खड़े हो जाते थे, जिससे आवागमन बाधित होता था और कई बार जाम की स्थिति बन जाती थी। अब दुकानों को व्यवस्थित करने के बाद करीब 22 फीट सड़क खुलने की उम्मीद है। इससे वाहनों की पार्किंग और आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी। सड़क खुलने से चौपाटी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

एक माह में नए स्वरूप में दिखेगी चौपाटी

नगर पालिका की इस पहल से चौपाटी को व्यवस्थित बाजार के रूप में विकसित करने की उम्मीद है। यदि निर्धारित समय में काम पूरा होता है, तो अगले एक माह में यहां दुकानों की बेहतर व्यवस्था और सुगम आवागमन का नजारा देखने को मिलेगा। अब शहरवासियों को चौपाटी के कायाकल्प का इंतजार है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button