Betul Samachar: त्रिवेणी विहार कालोनी में भगवान भरोसे सैकड़ों लोग
Betul News: Hundreds of people in Triveni Vihar Colony rely on God

कालोनाइजर ने प्लाट काटकर बेच दिए, सड़क, बिजली, पानी के लिए तरसे लोग, शिकायतें बेअसर
Betul Samachar: बैतूल। शहर में तथाकथित कालोनाइजरों ने लोगों को आवासीय प्लाट काटकर अविकसित कालोनी का निर्माण कर लिया। इन कालोनी में न तो सड़क, बिजली, पानी और अन्य सुविधाएं मिल रही हैं। लोग जनसुनवाई में अधिकारियों के सामने जाकर अपनी पीड़ा बता रहे, लेकिन अधिकारी औपचारिकता निभा रहे हैं। ताजा मामला हमलापुर क्षेत्र की त्रिवेणी कालोनी में सामने आया है। यहां आरा मशीन के पीछे तथाकथित कालोनाइजरों ने बड़े पैमाने पर कालोनी का निर्माण कर प्लाट बेच दिए, लेकिन लोगों को मूलभूत सुविधाएं दिलाने में फिसड्डी साबित हो रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों ने शिकायत में बताया कि हमलापुर क्षेत्र में त्रिवेणी विहार कालोनी सुभाष वार्ड में प्लाट कटने पर उन्होंने यहां इंवेस्ट किया था। अधिकांश लोग क्षेत्र के ही रहने वाले हैं, इसलिए बड़ी संख्या में लोगों ने एक के बाद एक प्लाट ले लिए। इसकी रजिस्ट्री भी किसी राजू पवार ने की है। क्षेत्र के लोगों की माने तो कालोनी में कोई बालचंद पांडे पार्टनर है। दोनों ने प्लाट लेने के लिए कई तरह के सब्जबाग दिखाए। कालोनी में ले जाकर सुविधाओं की जानकारी दी, लेेकिन कई वर्ष बीत जाने के बाद कालोनी में मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह नदारद है। बारिश में तो हालात ऐसे हो गए कि कीचड़ के कारण लोगों की आवाजाही पर ग्रहण लग गया है।
एक भी सुविधाएं कालोनी में मौजूद नहीं
सुभाष वार्ड स्थित त्रिवेणी कालोनी में रहने वाले सुदर्शन गणेशे, संदीप यादव, दिलीप पवार, ओमकार मोरले, पवन रागड़े, सुरेश यादव, दौलत माथनकर, राजेश माथनकर, मिट्टू पवार, श्रवण बंजारे, प्रमोद राउत आदि ने बताया कि कालोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। आज तक सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पानी कालोनाइजर ने उपलब्ध नहीं कराया है। आए दिन इन समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं की माने तो कालोनी से ही माचना नदी लगी है, जिसके कारण कालोनी के सिवरेज का पानी माचना नदी में जा रहा है। इसी से बैतूल शहर के लोगों को पानी उपलब्ध कराया जाता है। सभी ने कालोनाइजर से सुविधाएं दिलाए जाने की मांग की जा चुकी है।
चार माह में दो बार शिकायत, आज तक कोई नहीं पहुंचा
इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है कि गरीबों ने खून पसीने से जोड़े गए पैसे में एकमुश्त प्लाट खरीदा है, लेकिन कालोनाइजर ने आज तक सुविधाओं के नाम पर लोगों को केवल ठगा ही है। क्षेत्र के लोगों ने इस बारे में मार्च माह से जून तक दो बार जनसुनवाई में भी शिकायत की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। हालात यह है कि कालोनी में बारिश के दिनों मेें कीचड़ होने से स्थिति बेकाबू होते जा रही है। विकास शुल्क के नाम पर प्रशासन कालोनाइजर से राशि ले रहा है, लेकिन कालोनी के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में नाकाम साबित हो रहा है। यही वजह है कि कालोनाइजर की शिकायत करते-करते लोग थक गए, लेकिन कालोनी में विकास के नाम पर कालोइनाजर ने कुछ किया और न ही अधिकारी ने यहां आकर कालोनाइजरों की करतूत देखी।
इनका कहना…
मैं अभी नया आया हूं। पूर्व में की गई शिकायत की कापी आप भिजवा दीजिए। यदि कालोनी में विकास कार्य नहीं हुए हैं तो कार्रवाई तय की जाएगी।
मकसूद अहमद, एसडीएम बैतूल




