Betul Today News: सिर चढ़कर बोल रहा घोड़ाडोंगरी विस में भाजपा नेताओं का घमंड
पत्रकारों पर अर्नगल टिप्पणी से बढ़ा आक्रोश, माफी नहीं मांगी तो सौपेंगे ज्ञापन

Betul Today News: बैतूल। घोड़ाडोंगरी विस क्षेत्र में भाजपा नेताओं का घमंड सिर चढ़कर बोल रहा है। सत्ता के नशे में चूर होकर तथाकथित भाजपा नेता अपनी दबंगई दिखाते हुए चौथे स्तंभ का भी सम्मान करना भूल गए हैं।
भौंरा निवासी और बीजादेही मंडल के उपाध्यक्ष जयकिशोर बडू मिश्रा ने हाल ही में ग्राम पंचायत भौरा के एक ग्रुप पर जिस तरह से पत्रकारों पर टिप्पणी की है उससे पत्रकारों में रोष पनप रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा है कि मेरे पत्रकारों मित्रों पर मां लक्ष्मी की कृपा हो रही है। भौंरा-शाहपुर तक पहुंच रही है। बैतूल-भोपाल अभी बाकी है….? उनकी इस टिप्पणी से पत्रकार जगत मेें खासा रोष व्याप्त है।
दरअसल प्रदेश मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अपनी पार्टी में अनुशासन का पाठ पढ़ा रहे हैं और घोड़ाडोंगरी विधायक के करीबी कहे जाने वाले भाजपा नेता पत्रकारों पर निशाना साधकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे न सिर्फ भौरा-शाहपुर न बल्कि बैतूल और भोपाल के पत्रकारों में रोष व्याप्त है।
सभी पत्रकारों ने उन्हें लक्ष्मी जी वाले बयान को स्पष्ट करने के लिए कहा है कि किस पर किसकी कृपा बन रही है और संबंधितों के नाम उजागर किए जाए। साथ ही पत्रकारों ने इस टिप्पणी पर उनसे सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है। अन्यथा उनके खिलाफ पत्रकारों पर टिप्पणी करने के मामले में शिकायत कर कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस बारे में मिश्रा ने बताया कि उन्होंने सामान्य तौर पर पत्रकारों पर लक्ष्मी जी की कृपा बनी रहे की बात कही, लेकिन यह नहीं बता पाए कि किसने किस पत्रकार पर कृपा बनाई। वे बाद में अपनी बात को तोरमरोड़ कर पेश करने लगे।




