Betul News : फिर पकड़ाए रेत से भरे दो ओवरलोड ट्रक
Betul News: Two overloaded trucks filled with sand caught again

खनिज विभाग ने बनाया पंचनामा, शाहपुर पुलिस ने की थी कार्रवाई
Betul News : (शाहपुर)। ओवरलोड रेत भरकर परिवहन करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खनिज विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। रेत परिवहन करने वालों को खनिज विभाग और पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है। शाहपुर में ओवरलोड रेत भरकर रेत परिवहन करते दो ट्रकों को पकड़ा गया। जिसमें ओवरलोड रेत भरना पाया गया है।
शाहपुर थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि सूचना के आधार पर शनिवार की रात को रेत से भरे दो ट्रक पकड़े गए है। पकड़े गए ट्रक चालकों से रेत की रॉयल्टी मांगी। उनके पास रेत की रॉयल्टी तो थी, लेकिन ट्रकों में ओवरलोड रेत भरकर ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों ट्रकों को अपने कब्जे में लेकर शाहपुर थाने लाकर खड़ा कर दिया। आगे की कार्रवाई खनिज विभाग द्वारा की जा रही है।
खनिज निरीक्षक ने बताया कि पुलिस द्वारा पकड़े गए रेत से भरे ट्रकों की नपाई की गई, जिसमें एक ट्रक में 15 घनमीटर तथा दूसरे ट्रक में 18 घनमीटर की रॉयल्टी थी। हरदा की रॉयल्टी पर रेत परिवहन किया जा रहा था। एक ट्रक में 19 तथा एक ट्रक में 22 घनमीटर अधिक रेत पाई गई। खनिज विभाग ने पंचनामा बनाकर आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को पंचनामा सौंप दिया गया है।
ओवरलोड डंपर और ट्रकों की धमाचौकड़ी
जिला मुख्यालय से लेकर ब्लॉक मुख्यालय तक रेत से भरे ओवरलोड डंपर और ट्रकों की धमाचौकड़ी देखने को मिलती है। कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से बेखौफ होकर रेत से भरे डंपरों को दौड़ाया जाता है। जिला मुख्यालय पर भी सुबह के समय ओवर लोड रेत डंपरों को फर्राटे भरते हुए ले जाते आसानी से देखा जा सकता है। बैतूल से रानीपुर मार्ग पर सबसे ज्यादा रेत से भरे डंपर और ट्रकों की आवाजाही देखने को मिलती है।
शाहपुर ब्लॉक में भी रेत से भरे ओवरलोड डंपरों की आवाजाही बनी रहती है। खनिज विभाग द्वारा मामूली जुर्माना लगाकर ट्रक और डंपरों को छोड़ दिया जाता है। कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हो पाती। तेजी से दौड़ते रेत से भरे डंपर, ट्रक और ट्रैक्टरों से हादसा होने का भी खतरा बना रहता है। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने 8 सितंबर को फॉरेस्ट नाके के पास रेत से भरे ओवरलोड डंपर को पकड़ा था।
कार्रवाई के दौरान डंपर चालक द्वारा डंपर की चाबी छिंनकर दो सैनिकों के साथ झूमाझटकी किए जाने का मामला भी सामने आया था। इसके बावजूद भी खनिज विभाग द्वारा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। सूबह के समय खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की जाती है तो कई डंपर ओवरलोड मिल सकते है।




