Betul News: Video: आठ महीने पहले विधायक ने फरमान सुनाया, नगरपालिका ने फाइलों में दफनाया!

दिवाली गई, ग्यारस भी निकल गई, लेकिन अतिक्रमण अभियान को मुहूर्त नहीं मिला; हर बुधवार कार्रवाई का निर्देश हवा, इस बुधवार जेसीबी का बहाना बनाकर फिर टाल दी कार्रवाई
Betul News: बैतूल। शहर में अतिक्रमण हटाने के निर्देश देना आसान है, लेकिन उन निर्देशों को जमीन पर उतारना शायद नगरपालिका के जिम्मेदारों के लिए मुश्किल काम बन गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने करीब आठ माह पहले हर बुधवार राजस्व और पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का स्पष्ट निर्देश दिया था।
शुरुआती कुछ दिनों तक नगरपालिका ने कार्रवाई का दिखावा भी किया, लेकिन बाद में अभियान ऐसा गायब हुआ कि अब अतिक्रमणकारियों ने दोबारा अपनी दुकानें सजा लीं। दिवाली बीत गई, ग्यारस भी निकल गई, मगर नगरपालिका की कार्रवाई का पहिया नहीं घूम पाया।
इस बुधवार भी अभियान शुरू होने के बजाय जेसीबी नहीं मिलने का बहाना सामने आ गया। जबकि नगरपालिका के पास खुद की दो जेसीबी मौजूद हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर विधायक के निर्देशों को नगरपालिका के जिम्मेदार किसकी रद्दी की टोकरी में डाल रहे हैं?
आठ माह पहले बैठक, निर्देश भी स्पष्ट… फिर किसकी मर्जी चल रही?
शहर में बढ़ते अतिक्रमण और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर विधायक हेमंत खंडेलवाल ने करीब आठ माह पहले नगरपालिका के जिम्मेदारों की बैठक लेकर हर बुधवार नियमित अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। अभियान में नगरपालिका के राजस्व अमले के साथ पुलिस और राजस्व विभाग को भी शामिल करने की बात कही गई थी, ताकि कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए।
शुरुआत में कुछ दिन अमला सडक़ पर उतरा, अतिक्रमण हटाए गए और ऐसा लगा कि शहर को व्यवस्थित करने की मुहिम अब नियमित चलेगी। लेकिन कुछ दिन की कार्रवाई के बाद अभियान की सांस फूल गई। बुधवार तय था, निर्देश तय थे, जिम्मेदार भी तय थे, लेकिन कार्रवाई ही नदारद हो गई। अब आठ माह पुराने निर्देशों की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा है मानो बैठक में लिए गए निर्णय नगरपालिका के लिए केवल सुनने तक सीमित थे, पालन करने के लिए नहीं।
हटाए गए अतिक्रमण फिर जम गए, अभियान की हवा निकल गई
जिन स्थानों से विधायक के निर्देश पर अतिक्रमण हटाए गए थे, वहां अब फिर दुकानें, सामान और अस्थायी कब्जे नजर आने लगे हैं। कार्रवाई के बाद दोबारा अतिक्रमण होना इस बात का संकेत है कि नगरपालिका की मुहिम में निरंतरता और निगरानी दोनों की कमी रही। अतिक्रमण हटाकर जिम्मेदारों ने अपनी पीठ थपथपा ली, लेकिन दोबारा कब्जा होने पर किसी ने पलटकर यह देखने की जहमत नहीं उठाई कि कार्रवाई का असर कायम भी है या नहीं।
नतीजा यह है कि शहर की सडक़ों पर अतिक्रमण फिर उसी पुराने ढर्रे पर लौट आया है। कुछ दिन की कार्रवाई और फिर लंबी चुप्पी ने अतिक्रमणकारियों के हौसले बढ़ाए हैं। अब तो हटाए गए कब्जे वापस आकर नगरपालिका की कार्रवाई को ही मुंह चिढ़ाते नजर आ रहे हैं।
दिवाली और ग्यारस का हवाला खत्म, अब अगला बहाना क्या?
नगरपालिका के जिम्मेदारों ने दीपावली के दौरान कार्रवाई नहीं करने के पीछे त्योहार और लोगों की रोजी-रोटी का तर्क दिया था। यह दलील दी गई कि हिन्दू धर्म के बड़े पर्व के दौरान दुकानदारों को परेशान नहीं किया जाएगा, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो। त्योहार के लिहाज से यह तर्क अपनी जगह हो सकता है, लेकिन दिवाली के बाद ग्यारस भी बीत चुकी है।
अब जब त्योहारों का दौर खत्म हो चुका है, तब अभियान शुरू नहीं होना नगरपालिका के दावों की पोल खोल रहा है। त्योहार के नाम पर रोकी गई कार्रवाई को दोबारा शुरू करने की कोई गंभीर पहल नजर नहीं आई। ऐसे में सवाल यह है कि क्या नगरपालिका के लिए हर बार कोई नया अवसर, पर्व या बहाना जरूरी होगा, या फिर अतिक्रमण हटाने के लिए भी कभी इच्छाशक्ति दिखाई जाएगी?
इस बुधवार भी कार्रवाई नहीं, जेसीबी का बहाना सामने आया
पिछले बुधवार अभियान शुरू करने का दावा किया गया था, लेकिन वह भी पूरा नहीं हो सका। इस बुधवार फिर कार्रवाई नहीं होने की जानकारी सामने आई और राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते ने जेसीबी उपलब्ध नहीं होने का हवाला दिया। यह तर्क इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि नगरपालिका के पास अपनी दो जेसीबी मशीनें हैं।
जब संसाधन पालिका के पास मौजूद हैं, तो फिर कार्रवाई के लिए मशीन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति कैसे बनी? क्या मशीनों का उपयोग तय करने वाला कोई जिम्मेदार नहीं है, या फिर अतिक्रमण अभियान को लेकर विभागीय स्तर पर कोई तैयारी ही नहीं की गई? जेसीबी का हवाला देकर अभियान टालना अब केवल संसाधनों की कमी नहीं, बल्कि व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल बनता जा रहा है।
पुलिस और राजस्व अमले को सूचना तक नहीं, फिर संयुक्त अभियान कैसे?
विधायक के निर्देशों में संयुक्त अभियान की स्पष्ट व्यवस्था थी। इसके लिए पुलिस और राजस्व अमले की भागीदारी जरूरी थी, ताकि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई व्यवस्थित और प्रभावी हो सके। लेकिन इस बुधवार कार्रवाई नहीं होने के साथ यह भी सामने आया कि संबंधित पुलिस और राजस्व अमले को सूचना तक नहीं दी गई।
जब अभियान की सूचना ही संबंधित विभागों तक नहीं पहुंचाई गई, तो संयुक्त कार्रवाई की तैयारी कैसे हो सकती थी? इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अतिक्रमण हटाने की मुहिम को लेकर नगरपालिका के भीतर कितनी गंभीरता है। अभियान के नाम पर निर्देशों का हवाला देना और फिर अमले को सूचना तक नहीं देना, पूरी व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करता है।
राजस्व निरीक्षक की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल
अतिक्रमण के मामले में राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते की कार्यप्रणाली पहले भी चर्चा में रही है। अब अभियान के लगातार ठप रहने, कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने और जेसीबी उपलब्ध नहीं होने का तर्क सामने आने के बाद उनकी भूमिका फिर सवालों के घेरे में है। अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी यदि कार्रवाई को लेकर स्पष्टता नहीं दिखा पा रहे हैं, तो शहर में अतिक्रमण नियंत्रण की उम्मीद कैसे की जा सकती है?
केवल निर्देशों का हवाला देने या संसाधनों की कमी बताने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। शहर में अतिक्रमण बढ़ रहा है, हटाए गए कब्जे लौट रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के लिए जवाबदेही तय होती नजर नहीं आ रही।
शहर को निगम बनाने की कोशिश, नगरपालिका की कार्यशैली पुराने ढर्रे पर
विधायक हेमंत खंडेलवाल शहर को नगर निगम का दर्जा दिलाने और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास कर रहे हैं। शहर की व्यवस्था सुधारने, यातायात व्यवस्थित करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में लगातार जोर दिया जा रहा है। लेकिन दूसरी ओर नगरपालिका की कार्यशैली यदि निर्देशों के पालन में ही ढुलमुल बनी रहे, तो विकास और व्यवस्था सुधारने के दावों का असर जमीन पर कैसे दिखाई देगा?
नगर निगम बनने की तैयारी और शहर को व्यवस्थित करने की बात अपनी जगह है, लेकिन वर्तमान नगरपालिका यदि एक नियमित अतिक्रमण अभियान तक नहीं चला पा रही, तो यह उसकी प्रशासनिक क्षमता और जवाबदेही दोनों पर बड़ा सवाल है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




