Betul Samachar: शहर की सड़कों पर मौत की रफ्तार, घर मे ही ब्लैक स्पॉट पर प्रशासन बेखबर!

कलेक्टर की बैठक में सख्त निर्देश, लेकिन शहर की सड़कों पर सुरक्षा इंतजामों का इंतजार

Betul Samachar: बैतूल। सड़क हादसों पर नियंत्रण को लेकर प्रशासनिक बैठकों में भले ही सख्त निर्देश जारी किए जा रहे हों, लेकिन शहर की सड़कों पर हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। बीच शहर में दर्जनों ऐसे ब्लैक स्पॉट मौजूद हैं, जहां वाहन चालकों की जरा सी लापरवाही किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।

हैरानी की बात यह है कि हादसों की आशंका वाले इन स्थानों पर न तो पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम हैं और न ही वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के ठोस प्रयास दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर प्रशासनिक बैठकों के निर्देश जमीन पर कब उतरेंगे?

  सोमवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए अधिकारियों को प्रमुख मार्गों पर ब्लैक स्पॉट प्राथमिकता से चिन्हित करने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लेकिन शहर के भीतर ही इन निर्देशों की कसौटी पर व्यवस्थाएं खरी उतरती नजर नहीं आ रही हैं। इसका बड़ा उदाहरण कोतवाली थाने से लल्ली चौक तक बनी व्हाइट टॉपिंग सड़क है। करीब सवा तीन करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सड़क पर वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर तक नजर नहीं आते।

500 मीटर की सड़क पर 100 की रफ्तार!

करीब 500 मीटर लंबे इस मार्ग पर दिन-रात तेज रफ्तार से वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई वाहन चालक इस सड़क पर बेहद तेज गति से फर्राटा भरते हैं। चक्कर रोड, गौठाना, टिकारी और कोठीबाजार को गंज एवं सदर क्षेत्र से जोड़ने वाले इस व्यस्त मार्ग पर पैदल राहगीरों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।

सड़क निर्माण के दौरान अनुबंध और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन न ठेकेदार ने इस दिशा में पहल की और न ही जिम्मेदार अधिकारियों ने इसकी सुध ली।

हादसे का इंतजार कर रहा है सिस्टम?

यही स्थिति लल्ली चौक से टिकारी और भाजपा कार्यालय से आबकारी विभाग की ओर जाने वाले मार्गों पर भी दिखाई देती है। इन सड़कों पर भी वाहनों की तेज रफ्तार के बीच पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को खतरा बना रहता है। छोटी-मोटी दुर्घटनाएं अक्सर होती हैं, लेकिन कई घटनाएं सामने तक नहीं आ पातीं।

स्थानीय नागरिकों का सवाल है कि जब सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन गंभीर है तो सबसे पहले शहर की सड़कों का सुरक्षा ऑडिट क्यों नहीं कराया जाता? ब्लैक स्पॉट की पहचान, संकेतक, आवश्यक स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल क्यों नहीं किए जाते? कहीं ऐसा तो नहीं कि प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागने का इंतजार कर रहा है?

इनका कहना…

बैठक में अधिकारियों को सख्ती से निर्देश दिए गए हैं। हाइवे सहित प्रमुख ग्रामो की सड़कों के अलावा शहर की सड़कों पर भी बकायदा सर्वे कर स्पीड ब्रेकर सहित उचित व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से की जाएं।

डॉ. सौरभ संजय सोनवणे कलेक्टर बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button