Betul News: युवक को छूकर निकल गई गन से गोली, मचा हड़कंप

कम्पनी गार्डन में देर रात फायरिंग से सनसनी
Betul News: बैतूल। कोठीबाजार के कम्पनी गार्डन क्षेत्र में देर रात गोली चलने की घटना से सनसनी फैल गई। गोली एक युवक के शरीर को छिलती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंपनी गार्डन निवासी शेख फरहान पिता शेख अख्तर के शरीर को गोली छिलती हुई निकल गई। गोली लगने के बाद युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी अस्पताल पुलिस द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पारिवारिक विवाद में चली गोली या बच्चों से हुआ हादसा?
घटना को लेकर अलग-अलग चर्चाएं सामने आ रही हैं। प्रारंभिक तौर पर इसे पारिवारिक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं दूसरी चर्चा यह भी है कि बच्चों के खेल-खेल में अचानक गोली चल गई। हालांकि पुलिस जांच पूरी होने से पहले घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
बच्चों के हाथ लोडेड गन कैसे पहुंची?
यदि गोली वास्तव में बच्चों के हाथों से चली है तो सबसे बड़ा सवाल यह है कि लोडेड गन बच्चों की पहुंच में आखिर कैसे आई? वहीं यदि घटना पारिवारिक विवाद का परिणाम है तो पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गोली किसने चलाई और घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।
लाइसेंसी थी गन या अवैध तरीके से रखी गई?
घटना ने हथियार की वैधता को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जिस गन से गोली चली वह लाइसेंसी थी या अवैध रूप से रखी गई थी। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
इनका कहना….
गोली चलने की घटना की सूचना के बाद जांच शुरू कर दी गई है। घटना में जो भी पहलू सामने आये हैं उनकी तस्दीक कर बयान भी ले रहे हैं। जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आएगी।
देवकरण डेहरिया, टीआई, कोतवाली बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




