Betul News : बढ़ती चोरी की वारदातों के बाद आईजी और एसपी रात में थानों का निरीक्षण करने पहुंचे, मचा हड़कम्प
Betul News: Surprise inspection by IG and SP created panic, instructions given to improve security arrangements

आनन- फानन में हुई क्राइम बैठक में एसपी नाराज, थाना प्रभारियों की जमकर ली क्लास
Betul News : (बैतूल)। रात के समय औचक पुलिस अधिकारियों के निरीक्षण से थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने औचक निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था सहित रात्रि गश्त बढ़ाने के लिए निर्देश दिए है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात को होशंगाबाद संभाग के आईजी इरशाद वली ने शाहपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। आईजी ने थाने के निरीक्षण के दौरान थाने की व्यवस्था देखी। रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
आईजी के औचक निरीक्षण से पुलिसकर्मी भी सख्ते में थे। किसी को यह खबर ही नहीं थी कि आईजी निरीक्षण करने आने वाले है। आईजी ने थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों को अपराधों की बारीकी से समीक्षा कर अंकुश लगाने के निर्देश दिए और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने के लिए कहा है। इधर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी ने बुधवार की रात को साईखेड़ा और मुलताई थाने का औचक निरीक्षण किया। एसपी ने दोनों थाने के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, ड्यूटी रजिस्टर को चैक किया। एसपी ने दोनों थाना प्रभारियों को रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए है, वही बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए है। एसपी ने शिकायकर्ताओं के साथ अच्छा बर्ताव करने और उनकी समस्याओं को समाधान करने के लिए कहा है। एसपी ने भी अचानक दोनों थानों का निरीक्षण किया।
कंट्रोल रूम में ली थाना प्रभारियों की क्लास
जिले में बढ़ती अपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में गुरूवार दोपहर को एसपी ने सभी थाना प्रभारियों की मौजूदगी में क्राईम मीटिंग ली। इस क्राईम मीटिंग में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को फटकार लगाई और कहा कि बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए। खासकर कोतवाली थाना प्रभारी को निर्देश दिए है कि शहर में चोरी की घटनाएं और अधिक बढ़ गई है।
पुलिस की रात्रि गश्त को बढ़ाया जाए और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करें। क्राईम मीटिंग में लंबित अपराधों को निराकरण करने और पुलिस विभाग द्वारा जारी किए गए निर्देशों का कढ़ाई से पालन करने के लिए कहा है। बैठक में एसपी सिद्धार्थ चौधरी, एएसपी कमला जोशी और सभी एसडीओपी और सभी थाना प्रभारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।




