Betul Accident News: खाटू श्याम के दर्शन की आस में निकल, रास्ते में काल ने छीनीं आठ जिंदगियां

कोटा के पास नाले में गिरी ट्रेवलर, बैतूल जिले के घाट बिरोली गांव के परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, हेमंत ने सीएम से की चर्चा, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता का ऐलान

Betul Accident News: बैतूल। आस्था और श्रद्धा के साथ खाटू श्यामजी के दर्शन करने निकले यात्रियों ने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उनकी यह यात्रा कुछ परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे दर्दनाक सफर बन जाएगी। राजस्थान के कोटा शहर के समीप शनिवार सुबह करीब 6 बजे एक ट्रेवलर बस अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। इस हृदयविदारक हादसे में बैतूल जिले की मुलताई तहसील के ग्राम घाट बिरोली से जुड़े लोगों सहित आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ड्राईवर को नींद की झपकी होने की वजह से यह भीषण हादसा हुआ है। हादसे में ड्राईवर भी अपनी जान नहीं बचा पाया।

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्थान के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की है। सभी घायलों को कोटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपनों को खोने का गम लेकर परिजन तत्काल कोटा के लिए रवाना हो गए। जिस गांव में कुछ समय पहले तक खुशियां और अपनों के साथ यात्रा की चर्चाएं थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जानकारी मिली है कि, शाम तक सभी शव घाट बिरोली लाए जाएंगे,जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

भोपाल से रात में निकले, सुबह मिली मौत की मनहूस खबर

परिवार के सदस्य योगेश झरबड़े ने बताया कि सभी लोग शुक्रवार रात भोपाल से ट्रेवलर में सवार होकर खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए निकले थे। लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। हादसे में उनकी बहन, जीजा, भांजी, भाभी, चाचा की बेटी और भतीजे के एक दोस्त सहित ट्रेवलर चालक की मौत हुई है। अपनों को खोने का यह सदमा परिवारों के लिए ऐसा जख्म बन गया है, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी।

मृतकों और घायलों में महिलाएं और युवा भी शामिल

हादसे में अरुणा झरबड़े (40), वैष्णवी (25), त्रिशा घोडक़ी (22), कृष्णराव घोडक़ी (55), अनिता घोडक़ी (50), ओम सूर्यवंशी (26), चालक सचिन गिरी और राजकुमार कुनबी (52) की मौत हुई है। हादसे में बैतूल जिले के कई लोग घायल हुए हैं। इनमें हेमलता संतोष गायकवाड़ (41), मोहनिश झरबड़े (21), रीता झरबड़े (25), वेदांत झरबड़े (14) और सारांश झरबड़े (11) शामिल हैं। अन्य घायलों में वंदिता झरबड़े, अजय गावंडे और आकांक्षी झरबड़े के नाम भी सामने आए हैं। घायलों में वंदिता पुत्री रविंद्र झरबड़े, अजय गावंडे पुत्र मरोतराव गावंडे, वेदांत झरबड़े पुत्र योगेश झरबड़े, मोहनिस झरबड़े पुत्र रविंद्र झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े पुत्री कमलेश झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ पत्नी संतोष गायकवाड़, सारांश पुत्र कमलेश झरबड़े घायल हुए हैं।

हेमंत खंडेलवाल ने सीएम और लोकसभा अध्यक्ष से की चर्चा

हादसे की जानकारी मिलते ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने तत्काल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा की और कोटा के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से भी घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पहली प्राथमिकता घायलों की जान बचाना है। यह घटना बेहद दुखद है और मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद कोटा के सांसद और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मोबाईल पर चर्चा कर अपने गृह जिले के लोगों के हादसे के शिकार होने पर चर्चा की।

बताया जा रहा है कि हेमंत से चर्चा के बाद स्वयं बिरला भी कोटा के अस्पताल पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम पूछकर प्रशासनिक अधिकारियों से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वयं लोकसभा अध्यक्ष स्टॉफ भी जिले के घायल लोगों का कोटा के अस्पताल में मदद कर रहा है। उधर हेमंत के निर्देश पर कोटा से सटे नीमच और मंदसोर जिले के कार्यकर्ता भी पहुंच गए है। वे मृतकों को घायलों को समूचित मदद करने मे ंलगे हुए है। खुद हेमंत लगातार राजस्थान के भाजपा नेताओं से भी संपर्क बनाए हुए है। इधर बताया जाता है कि प्रदेश भाजपाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, केन्द्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके, मुलताई विधायक चन्द्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार भी घाटबिरोली गांव पहुंचकर शोक सप्तंत परिवार से मिलेंगे।

एक्स पर पोस्ट कर दी श्रद्धांजलि

हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से इस संबंध में चर्चा हुई है। मध्यप्रदेश और राजस्थान की सरकारें मामले में सक्रियता से काम कर रही हैं तथा पीडि़त परिवारों और घायलों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जा रही है। आस्था की यात्रा का इस तरह मातम में बदल जाना हर किसी को भीतर तक झकझोर रहा है। घाट बिरोली सहित बैतूल जिले के उन परिवारों के लिए यह अपूरणीय क्षति है, जिन्होंने एक ही हादसे में अपने कई प्रियजनों को खो दिया। गांव में पसरा सन्नाटा और परिजनों की आंखों से बहते आंसू इस दर्दनाक हादसे की भयावहता बयां कर रहे हैं।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button