Betul News: भाजपा की अब तक की सबसे संतुलित कार्यकारिणी
Betul News: BJP's most balanced executive committee till date

हर वर्ग को प्रतिनिधित्व, महिलाओं की संख्या भी बड़ी, जो छूटे उन्हें और कहीं एडजेस्ट करने की तैयारी
Betul News: बैतूल। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के गृह जिले में सोमवार को संगठन की घोषित कार्यकारिणी को अब तक की सबसे संतुलित कार्यकारिणी बताया जा रहा है। सभी वर्ग को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देखकर एक तीर से कई निशाने साधने का प्रयास किया गया है। पहली मर्तबा इस कार्यकारिणी में महिलाओं का दबदबा भी देखने को मिला है। 7 महिलाओं को कार्यकारिणी में स्थान देकर इस वर्ग को साधने का प्रयास किया गया है। सामान्य, पिछड़ा वर्ग के अलावा एससी और एसटी वर्ग के पदाधिकारियों को भी समायोजित कर अब तक की बेहद संतुलित कार्यकारिणी जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने बनाई है।
भाजपा की जिला कार्यकारिणी का प्रदेश अध्यक्ष का गृह जिला होने के कारण सभी को इंतजार था। चूंकि यहां पद पाने के लिए करीब 1 सैकड़ा पदाधिकारी विभिन्न माध्यमों से प्रयास कर रहे थे, लेकिन कार्यकारिणी प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल को जिला अध्यक्ष के माध्यम से तय करना था। पहले ही गाइडलाइन और सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से कार्यकारिणी संतुलित होने की संभावना थी। सोमवार को जब प्रदेश अध्यक्ष के अनुमोदन के पश्चात कार्यकारिणी की घोषणा हुई तो पूरी तरह सच साबित हो गई।
नए को मौका, पुराना पर भी भरोसा
सुधाकर पवार की कार्यकारिणी में कुछ नए पदाधिकारियों को मौका देकर उन्हें अवसर देने का प्रयास किया है। दूसरी तरफ कुछ पुराने वरिष्ठों पर भरोसा रखकर बबला शुक्ला के नेतृत्व वाली टीम को भी स्थान देने का प्रयास किया है। अलबत्ता घोड़ाडोंगरी के राजेंद्र मालवीय, मुलताई के जगदीश पवार, बैतूल ग्रामीण इंद्रलाल पुंडे, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश फाटे, डॉ महेंद्र सिंह चौहान, भीमपुर जनपद अध्यक्ष भैयालाल इरपाचे, संजय सूर्यवंशी, रोशनी विशाल ठाकुर, लता प्रमोद धोटे, सोनू सुनील भलावी, सुनीता बेले, सुधा चंद्रा, कमलेश राठौर की कार्यकारिणी में नई एंट्री हुई है।
कमलेश सिंह, कृष्णा गायकी, कांतिलाल यादव, दीपू सलूजा, अतीत पवार, रश्मि साहू, नरेंद्र गढ़ेकर, उर्मिला उइके जैसे पुराने और अनुभवी नेताओं पर दोबारा भरोसा कर कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है। हालांकि अन्य वरिष्ठ कार्यकारिणी में जगह पाने से वंचित रहे गए। इनमें सुनील शर्मा, भास्कर मगरदे समेत अन्य कुछ नाम शामिल है। इन लोगों को अन्य जगह एडजेस्ट करने के संकेत मिल रहे हैं।
महिलाओं की एंट्री से नए समीकरण
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के गृह जिले में जिस तरह महिला वर्ग का दबदबा बढ़ा है, इससे उनकी राजनीति में आगे बढ़ने के सुखद संकेत मिलते हैं। कांग्रेस में रहकर दो बार की पूर्व विधायक और बाद भाजपा ज्वाइन करने वाली सुनीता बेले का आखिर वनवास खत्म हुआ। उन्हें कार्यकारिणी में जिला मंत्री के पद से नवाजा गया। हालांकि उनके लिए यह पद छोटा कहा जा सकता है, लेकिन भाजपा में छोटे पद से ही एंट्री मानी जाती है।
बीजादेही के दिग्गज भाजपा नेता विशाल सिंह ठाकुर की धर्मपत्नी और जनपद उपाध्यक्ष रोशनी ठाकुर को भी जिला मंत्री बनाकर अच्छा संदेश दिया गया है। मुलताई में भी भाजपा के बड़े चेहरे प्रमोद धोटे और कुनबी समाज जुड़ी लता धोटे, जिपं सदस्य उर्मिला उइके, मुलताई नपा अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, जिपं सदस्य सोनू सुनील भलावी को मंत्री बनाकर महिलाओं का वर्चस्व बढ़ाया गया है। जबकि रश्मि साहू को दोबारा जिला उपाध्यक्ष बनाकर उनका सम्मान भी बरकरार रखा गया है।




