Betul Ki Khabar : राष्ट्रीय स्तर के बॉडी बिल्डर को सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियां, साइबर थाने पहुंचा मामला

आपत्तिजनक कमेंट और गंभीर आरोपों से छवि धूमिल करने का आरोप,
Betul Ki Khabar : बैतूल। जिले का नाम राज्य और राष्ट्रीय स्तर की बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं में रोशन करने वाले खिलाड़ी वतन मिश्रा ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर उन्हें लगातार दी जा रही कथित धमकियों, गाली-गलौच और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एन 2 फिटनेस जिम के संचालक वतन मिश्रा ने शिकायत के साथ आपत्तिजनक टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट एवं संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी पुलिस को सौंपते हुए सम्बन्धित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार अभद्र टिप्पणियों का आरोप
शिकायत में वतन मिश्रा ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से जिम संचालन एवं फिटनेस के क्षेत्र में कार्यरत हैं और करीब 12 वर्षों से बॉडी बिल्डिंग में सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर कई पुरस्कार और सम्मान हासिल किए हैं। उनका आरोप है कि विगत कुछ दिनों से ‘रोहनलिफ्ट्स 11’ नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से उनकी सोशल मीडिया पोस्ट पर लगातार अभद्र, अपमानजनक और धमकी भरी टिप्पणियां की जा रही हैं।

नकली सप्लीमेंट और धोखाधड़ी के आरोप लगाने का दावा
वतन मिश्रा के अनुसार संबंधित अकाउंट से उनके खिलाफ गाली-गलौच और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करने के साथ ही नकली सप्लीमेंट बेचने और धोखाधड़ी करने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि टिप्पणियां सार्वजनिक रूप से प्रसारित होने के कारण उनकी सामाजिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने साइबर पुलिस को उपलब्ध कराए गए स्क्रीनशॉट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट और उसके संचालक की पहचान कर तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रचलित कानून के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाए। वतन मिश्रा ने डिजिटल साक्ष्यों को नियमानुसार सुरक्षित रखने तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस जांच में पूरा सहयोग करने और आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




