Betul Ki Khabar: पुतला दहन टला तो प्रदेश नेतृत्व का नोटिस, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष से मांगा जवाब

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर प्रदर्शन नहीं करने पर कार्रवाई, 19 जून को होगा पुतला दहन
Betul Ki Khabar: बैतूल। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद प्रदेशभर में कांग्रेस और उसके अनुषांगिक संगठनों में नाराजगी का माहौल है। इसी क्रम में प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर एनएसयूआई को 16 जून को जिला स्तर पर निर्वाचन आयोग के खिलाफ पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन आयोजित करना था, लेकिन बैतूल सहित प्रदेश के 22 जिलों में यह कार्यक्रम नहीं हो सका। इसके बाद एनएसयूआई के प्रदेश नेतृत्व ने संबंधित जिलाध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
प्रदेशाध्यक्ष ने जताई नाराजगी
प्रदेश कार्यालय से जारी नोटिस में कहा गया है कि मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार 16 जून को विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। कार्यक्रम की जानकारी प्रदेश कार्यालय, ग्रुप मैसेज और सोशल मीडिया के माध्यम से पहले ही उपलब्ध करा दी गई थी। इसके बावजूद कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाना संगठन के प्रति लापरवाही और उदासीनता माना गया है। प्रदेशाध्यक्ष ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज करते हुए संबंधित पदाधिकारियों से जवाब मांगा है।
राष्ट्रपति दौरे के कारण बढ़ाई गई तारीख
बैतूल एनएसयूआई जिलाध्यक्ष जैद खान ने नोटिस मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि संगठन की ओर से कार्यक्रम को जानबूझकर नहीं टाला गया। उनके अनुसार 18 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बैतूल दौरा प्रस्तावित था, जिसके चलते जिले में सुरक्षा और प्रशासनिक प्रोटोकॉल लागू थे। ऐसे माहौल में विरोध प्रदर्शन करना उचित नहीं समझा गया। जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
कल सड़कों पर उतरेगी एनएसयूआई
जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व को पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि संगठन का विरोध कार्यक्रम निरस्त नहीं किया गया, बल्कि परिस्थितियों को देखते हुए स्थगित किया गया था। उन्होंने कहा कि 19 जून को बैतूल में एनएसयूआई कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग के खिलाफ पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। अब इस मामले में प्रदेश नेतृत्व स्पष्टीकरण से संतुष्ट होता है या नहीं, इस पर संगठन की अगली कार्रवाई निर्भर करेगी।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




