Fraud: फर्जीवाड़ा: कोर सेंपल लिए बिना ही ठेकेदार का भुगतान के लिए दबाव
Fraud: Fraud: Contractor pressures for payment without taking core sample

एई और सब इंजीनियर की गैरमौजूदगी में भोपाल की लैब ने भेज दी रिपोर्ट
Fraud: बैतूल। बैतूल नगरपालिका में अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने के कई ऐसे मामले सामने आने से रह जाते हैें, जिनमें फर्जीवाड़ा हुआ है। ताजा मामला चंद्रशेखर वार्ड में भारत कंस्ट्रक्शन द्वारा एम-30 ग्रेड सीसी निर्माण के दौरान ठेकेदार ने भोपाल की जिस लैब से कोर सेंपल लेने की बात कही थी। संबंधित इंजीनियर ने बैतूल नपा के एई और सब इंजीनियर की गैर मौजूदगी में कोर सेंपल लेकर टेस्ट रिपोर्ट प्रेषित कर दी। इसके बाद निर्माण कंपनी नगरपालिका पर भुगतान के लिए दबाव बनाने लगी। यह मामला कलेक्टर और विधायक तक भी पहुंचा तब नगरपालिका ने कलेक्टर और विधायक को इस फर्जीवाड़े से अवगत कराया है।
सूत्रों के मुताबिक नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कार के गृह वार्ड चंद्रशेखर वार्ड में भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी ने एम-30 ग्रेड की सीसी सड़क का निर्माण किया था। सड़क निर्माण के बाद नगरपालिका ने डीसीएम टेस्ट लैब भोपाल को एक पत्र लिखकर 16 अप्रैल को निर्मित की गई सीसी सड़क निर्माण कार्य के कोर सेंपल नपा के सहायक यंत्री और उपयंत्री की उपस्थिति में करने का उल्लेख किया था। कोर का परीक्षण की रिपोर्ट भी संबंधित लैब को प्रेषित करने का उल्लेख किया है, लेकिन लैब संचालक द्वारा निकाय के तकनीकी अमले की अनुपस्थिति में कोर सेंपल लिया जाकर 17 अप्रैल को ही यह रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई।
गुमराह करने वाली स्थिति
नपा ने पत्र में स्पष्ट रूप से उनके अधिकारियों की मौजूदगी में डीसीएम टेस्ट लैब भोपाल को पत्र लिखा था, लेकिन लैब द्वारा खुद ही रिपोर्ट बनाकर नपा को प्रेषित कर दी गई। इससे बड़ी चूक सामने आ रही है। महज एक दिन में निकाय को यह रिपोर्ट भेज दी गई। इस संबंध में नपा द्वारा कुछ दिन पहले कलेक्टर को भी पत्र लिखकर ठेकेदार द्वारा किए गए कृत्य की जानकारी दी गई। इसमें बताया गया है कि 3 जून को निकाय के तकनीकी अमले द्वारा 6 जून को कोर सेंपल एवं परीक्षण किए जाने के दोबारा निर्देश दिए गए थे। साथ ही निमय के विरूद्ध कार्रवाई किए जाने के कारण लैब संचालक से भी स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन आज तक उन्होंने भी कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है। इससे पूरे मामले में बड़ी लापरवाही सामने आ रही है।
विधायक -कलेक्टर के पास पहुंचा मामला
जानकार सूत्रों ने बताया कि भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा नगरपालिका पर कोर सेंपल होने के बाद भुगतान न करने के आरोप लगाए थे। इसकी शिकायत कलेक्टर और विधायक को भी की थी। सूत्रों के मुताबिक इसके बाद विधायक ने भी नपा के अधिकारियों से जानकारी मांगी थी। शिकायत के बाद नपा ने इस मामले में कलेक्टर और विधायक को भी पत्र भेजकर पूरी वस्तुस्थिति और फर्जीवाड़े से अवगत कराया है। नपा ने कलेक्टर से इस संबंध में कार्रवाई के लिए आदेश प्रदान करने का आग्रह किया है।
इनका कहना…
इस मामले में हमने कलेक्टर साहब और विधायक को पत्र भेजा है। जो वस्तुस्थिति पीडब्ल्यूडी शाखा से मिली है। उसके आधार पर अभिमत मांगा गया है।
-ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ नपा बैतूल।





