Ward Parikrama: कृष्णपुरा वार्ड में नाली और पानी की सबसे बड़ी समस्या, सफाई व्यवस्था भी बदहाल

पार्षद के कामकाज से खुश नहीं वार्डवासी

Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 कृष्णपुरा वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी से रहवासी परेशान हैं। वार्ड में नालियों की सफाई नहीं होने, पेयजल आपूर्ति में अनियमितता और सफाई व्यवस्था चरमराने के कारण लोगों को रोजाना समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

वार्डवासियों के अनुसार अधिकांश नालियां लंबे समय से चोक पड़ी हुई हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा हो जाता है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि सफाई कर्मचारी कई-कई दिनों तक वार्ड में नहीं पहुंचते, जिसके कारण जगह-जगह कचरा जमा रहता है और गंदगी का माहौल बना हुआ है।

कृष्णपुरा टिकारी क्षेत्र में पेयजल संकट भी बड़ी समस्या बनकर सामने आया है। रहवासियों ने बताया कि कई बार चार से पांच दिनों के अंतराल में पानी की सप्लाई होती है। समय पर पानी नहीं मिलने से लोगों को निजी साधनों या अन्य स्रोतों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ती है।

गर्मी और बरसात के मौसम में यह समस्या और अधिक परेशानी का कारण बन रही है। वार्ड के कुछ हिस्सों में स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं। नागरिकों का कहना है कि खराब लाइटों को समय पर नहीं बदला जाता, जिससे रात के समय अंधेरा छाया रहता है और आवागमन में दिक्कत होती है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा वार्ड के कुछ क्षेत्रों में आज भी पक्की सड़कें नहीं बन पाई हैं। कच्चे रास्तों पर बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि नाली सफाई, नियमित पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट सुधार और सड़क निर्माण जैसी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाए, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

क्या कहते है वार्डवासी

कई दिनों तक नालियों की सफाई नहीं होती, जिससे बदबू और गंदगी के कारण वार्डवासी परेशान हैं। पार्षद से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। सफाई कर्मचारी भी नियमित रूप से वार्ड में नहीं आते, जिसके कारण जगह-जगह कचरा और गंदगी फैली रहती है। नगर पालिका में शिकायत करने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।

चेतन अड़लक, वार्डवासी

वार्ड की कई नालियां क्षतिग्रस्त हैं। साफ-सफाई के अभाव में रहवासियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बारिश के दौरान नालियों की सफाई नहीं होने से जलभराव की स्थिति बन जाती है। कई बार नालियों का ओवरफ्लो पानी घरों तक पहुंच जाता है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

आनंदराव झोड़, वार्डवासी

वार्ड में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। चार से पांच दिनों के अंतराल में पानी की सप्लाई होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिलने के कारण दैनिक कार्य प्रभावित होते हैं। इस संबंध में नगर पालिका में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। गर्मी के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।

पूनम माकोड़े, वार्डवासी

वार्ड में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी का माहौल बना रहता है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि उनकी परेशानियों को सुनने और दूर करने वाला कोई नहीं है।

सरिता पोटफोड़े, वार्डवासी

बजट के आभाव के कारण नहीं हुए अधिक काम : पार्षद

नगर पालिका में बजट का आभाव होने के कारण कई कामकाज पूरे नहीं हो सकते। फिर भी मैने वार्ड के कुछ क्षेत्रों में सीमेंटीकृत सड़कों का निर्माण किया, नालिया बनाई गई, सफाई करने के लिए भी समय-समय पर कर्मचारियों को बुलाया जाता है। आगे भी वार्ड में जो समस्या रहेंगी उसे दूर करने का प्रयास करूंगा।

तरूण ठाकरे, कृष्णपुरा वार्ड (सभापति), पार्षद

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button