Betul Ki Khabar : एसआईआर में ड्यूटी कर रहे शिक्षक को हार्ट अटैक
Betul Ki Khabar: Teacher on duty at SIR suffers heart attack

परिजनों का आरोप-मानसिक तनाव से बिगड़ी तबीयत, एम्स भोपाल रेफर
Betul Ki Khabar : बैतूल। एसआईआर ड्यूटी के दौरान मंगलवार रात एक शिक्षक को हार्ट अटैक आने का मामला सामने आया है। घटना के बाद व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार जिले के भीमपुर ब्लाक के ग्राम चौहटा पोपटी प्रायमरी स्कूल में पदस्थ शिक्षक बिहारी लाल आहके मंगलवार सुबह एसआईआर कार्य के लिए निकले थे। रात्रि घर लौटने के बाद उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द और पसीना आने की शिकायत होने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर आए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रात में ही उन्हें एम्स भोपाल रेफर कर दिया।
परिजनों का आरोप- काम के चलते तनाव में थे शिक्षक
शिक्षक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बीते कई दिनों से विभाग द्वारा लगातार एसआईआर ड्यूटी, दस्तावेजों की तैयारी, निरीक्षण और प्रतिदिन की रिपोर्टिंग के दबाव में वह मानसिक तनाव में थे। परिवार का कहना है कि वे देर रात तक काम कर रहे थे और समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से लगातार फोन और निर्देश मिल रहे थे, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। इधर घटना की जानकारी मिलते ही जिले के शिक्षकों में भी रोष व्याप्त है।
नाम प्रकाशित ना करने की शर्त पर उनका कहना है कि एसआईआर के नाम पर उन पर अत्यधिक दबाव बनाया जा रहा है और नियमित शैक्षणिक कार्यों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां बिना पर्याप्त संसाधनों व स्टाफ के सौंपी जा रही हैं। शिक्षकों का कहना है कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य की अनदेखी किये जाने से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। शिक्षक संगठनों ने शिक्षा विभाग से एसआईआर ड्यूटी के दबाव और कार्यप्रणाली की समीक्षा करने, साथ ही शिक्षक के इलाज और परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।




