Betul Ki Khabar: जांच के बाद शुगर मिल में दावत ! शक्कर पैकेजिंग विवाद में कार्रवाई पर सवाल

हनुमंत शुगर मिल पहुंची संयुक्त टीम, दस्तावेजों की जांच के बाद अधिकारियों की मेहमाननवाज़ी बनी चर्चा का विषय

Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले में चर्चित शक्कर पैकेजिंग विवाद की जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है। शिकायतों के आधार पर बुधवार को राज्य एवं जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम हनुमंत शुगर मिल पहुंची और मिल परिसर में पैकेजिंग, ब्रांडिंग तथा संबंधित दस्तावेजों की विस्तृत जांच की।

हालांकि जांच की प्रक्रिया के बाद सामने आई एक तस्वीर ने पूरी कार्रवाई की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि जांच करने पहुंचे अधिकारियों के लिए मिल प्रबन्धन द्वारा शानदार मेहमान नवाजी का इंतजाम किया गया था। अब चर्चा है कि शानदार मेहमान नवाजी कहीं जांच प्रभावित किए जाने के लिए तो नहीं की गई थी?

जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों और प्रशासनिक अमले ने मिल परिसर में पहुंचकर शक्कर की पैकेजिंग से जुड़े विभिन्न दस्तावेजों, लाइसेंस, ब्रांड उपयोग संबंधी अभिलेखों तथा अन्य रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में अधिकारियों ने मिल प्रबंधन से भी जानकारी ली और उनका पक्ष सुना।

जांच के दौरान मिल प्रबंधन ने अपने दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए नियमों के अनुरूप कार्य करने का दावा किया। सूत्रों के मुताबिक टीम ने पैकेजिंग प्रक्रिया और ब्रांडिंग संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा कुछ बिंदुओं पर आवश्यक जानकारी एकत्रित की। जांच से जुड़े अधिकारी फिलहाल रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।

जांच खत्म होते ही शुरू हुई खातिरदारी की चर्चाएं

सूत्र बताते हैं कि जांच की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने पूरे मामले को चर्चा के केंद्र में ला दिया। बताया जा रहा है कि खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी और उनके साथ पहुंचे दल को मिल प्रबंधन द्वारा परिसर में ही भोजन कराया गया। अधिकारियों द्वारा जांच के दायरे में आए संस्थान की मेहमाननवाज़ी स्वीकार करने की खबर सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

इसे प्रशासनिक और जांच संबंधी मामलों में निष्पक्षता को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में जिस संस्थान की जांच की जा रही हो, उसी संस्थान द्वारा अधिकारियों का आतिथ्य सत्कार किए जाने को लेकर लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि जांच एजेंसियों को न केवल निष्पक्ष होना चाहिए, बल्कि उनकी कार्यप्रणाली भी पूरी तरह निष्पक्ष दिखाई देनी चाहिए, ताकि जनता का विश्वास बना रहे। इस मामले में शिकायतकर्ता भी खुद हैरान है।

रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

अब पूरे मामले में लोगों की निगाहें जांच टीम की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। यह रिपोर्ट तय करेगी कि शिकायतों में कितना दम है और मिल प्रबंधन की ओर से प्रस्तुत किए गए दस्तावेज कितने संतोषजनक हैं। वहीं भोजन और मेहमाननवाज़ी को लेकर उठे सवालों ने जांच प्रक्रिया की साख को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट इस पूरे विवाद की दिशा तय करेगी। इस सम्बन्ध में खाद्य सुरक्षा के निरीक्षक सन्दीप पाटिल ने बताया कि मिल में मेहमान नवाजी जैसी कोई बात नहीं थी, केवल चाय पिलाई गई थी।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button