Betul Sugar Mill: हनुमंत शुगर मिल की बढ़ीं मुश्किलें, शक्कर के नमूनों की राज्य स्तर पर होगी जांच

अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण कर लिए सैंपल
Betul Sugar Mill: बैतूल। जिले के जीन दनोरा स्थित हनुमंत शुगर मिल की कार्यप्रणाली और कथित अनियमितताओं को लेकर जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय स्तर पर जांच प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब राज्य खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम भी मिल पहुंच गई है। टीम द्वारा मिल के अभिलेखों की जांच के साथ-साथ शक्कर के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कार्यालय आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर अधिकारियों की टीम बुधवार को हनुमंत शुगर मिल पहुंची। जांच दल में राज्य स्तर के अधिकारियों के साथ जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं। अधिकारियों ने मिल परिसर का निरीक्षण किया तथा उत्पादन, भंडारण और गुणवत्ता नियंत्रण से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की।

रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी गुणवत्ता
मामले के शिकायतकर्ता पक्ष के अधिवक्ता विनायक ज्ञानचंदानी ने बताया कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अब राज्य स्तर पर भी मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच दल द्वारा शक्कर के नमूने एकत्रित किए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद शक्कर की गुणवत्ता और मानकों के पालन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिकार्ड भी किया जा रहा मिलान
सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान मिल के विभिन्न रिकॉर्डों का मिलान भी किया जा रहा है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है। राज्य स्तर की टीम के पहुंचने से हनुमंत शुगर मिल पर जांच का दबाव और बढ़ गया है। अब सभी की निगाहें प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट और अधिकारियों की अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, इससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।




