Betul Ki Khabar: व्हाइट टॉपिंग एप्रोच रोड का काम शुरू, 6 सड़कों पर तेजी से चल रहा निर्माण
Betul Ki Khabar: Work on white topping approach road begins, construction progressing rapidly on 6 roads

वार्डों में रहने वाले हजारों नागरिकों को समस्याओं से मिलेगी मुक्ति
Betul Ki Khabar: बैतूल। सांझवीर टाईम्स में प्रकाशित समाचार का बड़ा असर सामने आया है। कोठीबाजार क्षेत्र में व्हाइट टापिंग सड़क पर लंबे समय से व्हाइट टॉपिंग एप्रोच रोड का काम अटका हुआ था, वहां अब निर्माण कार्य तेज गति से शुरू हो गया है। कुल 11 सड़कों को व्हाइट टॉपिंग योजना से बनाई गई मुख्य सड़क से जोड़े जाने की स्वीकृति दी गई थी, जिनमें से 6 सड़कों को जोड़ दिया गया है। 5 सड़कों को जोड़ने का काम बाकी है। मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली से लल्ली चौक तक सड़क का काम पूर्ण हो चुका है। दोनों तरफ पेविंग ब्लाक भी लगा दिए हैं।
मुख्य सड़क से जुड़ी करीब 11 सड़कों को जोड़ा जा रहा है। यहां श्रमिक सड़क को एक दूसरे से जोड़ने के काम कर रहे हैं। लल्ली चौक से गांधी चौक तक 6 सड़के जोड़ी जा चुकी हैं। दावा है कि आने वाले सप्ताह में बाकी सड़के भी मुख्य सड़क से जोड़ दी जाएगी। गौरतलब है कि,लंबे समय से वार्डों से जुड़ी सड़क मुख्य सड़क से नहीं जुड़े होने की वजह से लोगों को अपने वाहन सड़क पर लाने में परेशानी झेलना पड़ रहा था। वाहनों में टूट फुट भी हो रही थी।
इसे लेकर नागरिकों में भारी नाराजगी थी। गड्ढों और धूल भरी सड़कों से आवागमन कठिन हो गया था। सांझवीर टाइम्स में प्रकाशित खबर के बाद अमला सक्रिय हुआ और ठेकेदार को तुरंत कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए थे। क्षेत्रवासी अब राहत महसूस कर रहे हैं कि मुख्य मार्गों पर सुगम और मजबूत सड़कें बनने से यातायात व्यवस्था सुधरेगी और धूल-मिट्टी से भी छुटकारा मिलेगा।




