Fire NOC : फायर एनओसी के बिना संचालित हो रहे भवन 77 को नोटिस, केवल 30 ने लिया प्रमाणपत्र

दिल्ली की आग जलने के बाद भी नगर पालिका अलर्ट नहीं
Fire NOC: बैतूल। राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटना के बाद देशभर में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ी है, लेकिन बैतूल नगर पालिका क्षेत्र में अब भी कई बड़े होटल, अस्पताल और व्यावसायिक भवन बिना फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के संचालित हो रहे हैं। यह स्थिति किसी बड़े हादसे की आशंका को जन्म दे रही है। यदि किसी भवन में आग लगने जैसी घटना होती है तो लोगों की जान-माल की सुरक्षा पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका द्वारा वर्ष 2025 में फायर एनओसी नहीं लेने वाले कुल 77 भवन संचालकों और मालिकों को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें होटल, अस्पताल, लॉज, व्यावसायिक प्रतिष्ठान तथा बहुमंजिला भवन शामिल हैं। नोटिस जारी होने के बाद भी अधिकांश भवन संचालकों ने नियमों का पालन नहीं किया। अब तक केवल लगभग 30 भवनों ने ही फायर एनओसी प्राप्त की है, जबकि शेष भवन बिना आवश्यक अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र के संचालित हो रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि फायर एनओसी केवल औपचारिकता नहीं बल्कि भवन में आग से बचाव की आवश्यक व्यवस्थाओं की पुष्टि करती है। इसमें अग्निशमन यंत्र, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्ग, पानी की उपलब्धता और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की जाती है। इन व्यवस्थाओं के अभाव में आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
शहरवासियों का कहना है कि नगर पालिका को केवल नोटिस जारी करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नियमों का पालन नहीं करने वाले भवनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी करनी चाहिए। वहीं जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि शेष भवन संचालकों को भी जल्द से जल्द फायर एनओसी लेने के निर्देश दिए गए हैं।
बैतूल जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी भविष्य में गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रशासन और भवन संचालकों दोनों को सुरक्षा नियमों के प्रति गंभीरता दिखाने की आवश्यकता है ताकि किसी संभावित हादसे से पहले ही प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
इनका कहना…..
एनओसी देने का काम संयुक्त संचालनालय भोपाल द्वारा किया जाता है। नगर पालिका सिर्फ जांच करने का काम करती है।
नगेन्द्र वागद्रे सब इंजीनियर नगर पालिका बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




