Betul News : डीआईजी शहर में रूके थे, आसपास के क्षेत्र में चोरों ने लगाई सेंध
Betul News: DIG stayed in the city, thieves broke into the surrounding area.

एसपी कार्यालय और जेएच के सामने 4 जगह फिर टूटे ताले
Betul News : (बैतूल)। पिछले दिनों कोतवाली थानाक्षेत्र से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई लाखों की चोरी का पुलिस जहां अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। मंगलवार बुधवार की रात चोरों ने 4 जगहों पर सेंधमारी कर दुकानों के ताले तोड़ डाले। एक ही रात में घटित हुई 4 घटनाओं ने पुलिस के लिए जहां चुनौती खड़ी कर दी है। सबसे चौकाने वाली बात यह है कि जिस रात मंगलवार की दरम्यानी रात चोरों ने एक साथ चार दुकानों पर सेंधमारी की, तब नर्मदापुरम रेंज के डीआईजी जगत सिंह राजपूत बैतूल में ही रूके हुए थे और चोर आसानी से पुलिस गश्त के दौरान चार दुकानों का ताला तोड़कर लाखों की चपत लगा गए।
इस बात से साफ साबित है कि चोरों के सक्रिय होने से पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों के हौसलों का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चोरों ने इस पी कार्यालय के सामने एक पान ठेले के ताले तोड़ डाले तो वहीं एसपी बंगले से कुछ सौ मीटर की दूरी पर स्थित जे एच कालेज के सामने तीन दुकानों को अपना निशाना बना लिया। इससे साफ है कि चोरों में पुलिस का कोई डर नहीं है।
वारदात- 1
चोरी की पहली घटना जे एच कालेज के सामने एक टी स्टाल पर घटित हुई है। संचालक शुभम सोनी ने बताया कि चोरों ने दुकान में रखी गैस टंकी, चूल्हा,सहित नगद 10 हजार रुपए पर हाथ साफ कर दिया। शुभम ने बताया कि दुकान में एक कॉलेज छात्रा का लेपटॉप भी रखा हुआ था उसे भी चोर लेकर चले गए।
वारदात- 2
चोरों ने जे एच कालेज के सामने स्थित एक नहीं बल्कि तीन दुकानों के ताले तोड़ चोरी की घटना को अंजाम दिया है। दूसरी घटना में चोरों ने दिनेश पवार के पान ठेले को अपने निशाने पर लिया। ताला तोड़कर चोर दुकान में घुसे और सिगरेट, पाउच समेत लगभग 5 हजार की नगदी चोरी कर फरार हो गए।
वारदात- 3
जेएच के सामने ही चोरों ने एक कपड़े की दुकान में अपने कारनामे को अंजाम दिया है। यहां पारस सोनी पिछले लंबे समय से कपड़े की दुकान संचालित कर रहे हैं। श्री सोनी ने बताया कि, दुकान में बिक्री के लिए रखे कपड़े वे पलंग पेटी में रखकर ताला लगा देते हैं। बीती रात चोरों ने पलंग पेटी का ताला तोड़ा और पलंग पेटी में रखे कपड़े ले भागे । चोरी की वारदात में उन्हें भी हजारों का नुकसान झेलना पड़ा है।
वारदात-4
चोरों के हौसले इतने ज्यादा बुलंद हैं कि उन्हें एस पी कार्यालय के सामने भी चोरी की वारदात को अंजाम देने में जरा भी डर नहीं लगा। कार्यालय की बाउंड्रीवाल से लगे गजानन बीटल टेंपल का ताला भी चोरों ने बड़ी आसानी से तोड़ डाला। दुकान संचालक विक्की गौतम ने बताया कि दुकान में रखे सभी सिगरेट के पैकेट और पाउच समेत चोर नगद रुपये ले गए हैं। जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है। एक साथ घटित हुई चोरी की इन चारों वारदातों ने यह सिद्ध कर दिया है कि रात्रि गश्ती में स्थानीय पुलिस कितनी लापरवाही बरत रही है। जबकि एसपी कार्यालय के करीब ही गंज थाना भी संचालित हो रहा है। केम्पस के भीतर ही एसडीओपी कार्यालय और इसके ठीक सामने पुलिस कंट्रोल रूम संचालित है। इसके बावजूद चोर अपने मंसूबों में कामयाब हो गए।




