Betul Samachar: 11 दिनों में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

ई-वाहनों की बिक्री में हुई बढ़ोतरी
Betul Samachar: बैतूल (सांझवीर टाइम्स)। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी से आमजन की जेब पर भारी असर पड़ रहा है। पिछले 11 दिनों में चौथी बार ईंधन के दाम बढऩे से वाहन चालकों में नाराजगी देखी जा रही है, वहीं दूसरी ओर ई-वाहनों की बिक्री में तेजी से इजाफा हुआ है।
जानकारी के अनुसार अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच मौजूदा हालातों का असर वैश्विक तेल बाजार पर भी पड़ रहा है, जिसका सीधा असर भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण लोग अब पेट्रोल-डीजल वाहनों की बजाय इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं।
स्थानीय बाजार में दोपहिया, चारपहिया, ई-ऑटो और ई-लोडिंग वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। वाहन विक्रेताओं के अनुसार पिछले कुछ दिनों में ई-वाहनों की पूछताछ और बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ते ईंधन दामों ने वाहन चलाना महंगा और मुश्किल बना दिया है, जिससे विकल्प के तौर पर ई-वाहन ही बेहतर नजर आ रहे हैं।
11 दिन में चार बार बढ़ गए पेट्रोल-डीजल के दाम
पिछले 11 दिनों में चार बार दाम बढऩे का क्रम देखा गया है। 15 मई को पेट्रोल-डीजल में करीब 3 रुपये की बढ़ोतरी हुई। 19 मई को 90 पैसे, 23 मई को पेट्रोल में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बाद 25 मई को फिर से पेट्रोल में 2.61 रुपये और डीजल में 2.71 रुपये की बढ़ोतरी हुई।
लगातार हो रही बढ़ोतरी से वाहन चालकों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। रोजमर्रा की आवाजाही से लेकर व्यापारिक परिवहन तक पर इसका असर दिखाई दे रहा है। आम लोग इसे महंगाई का बड़ा झटका बता रहे हैं, जबकि ई-वाहन बाजार में तेजी को भविष्य की दिशा के रूप में देखा जा रहा है।
इनका कहना…
जब से पेट्राल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी होने लगी है। जब से ई वाहनों की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। इंक्वायरी सबसे ज्यादा बड़ी है। हालाकि हमारे पास अभी ई-वाहनों की कमी चल रही है।
मुकेश खंडेलवाल
संचालक हीरो शोरूम, बैतूल
पेट्रोल-डीजल के दाम बढऩे के बाद ई-रिक्शे की इंक्वायरी बढ़ गई है। प्रतिदिन लोग दाम पूछने के लिए शोरूम पहुंच रहे है। खरीददारी भी बढऩे की संभावना है।
सौरभ राघव
संचालक ई-रिक्शा शोरूम, बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




