Betul Ki Khabar : गलत मार्किंग कर सागौन के 250 हरे पेड़ काटने की तैयारी

ताज़ा पेड़ों को भी गिरे-पड़े में दिखाकर किया जा रहा गुमराह

Betul Ki Khabar : बैतूल। पश्चिम वन मंडल की तावड़ी रेंज में उत्पादन के नाम पर हरे-भरे और पूरी तरह तंदुरुस्त सागौन पेड़ों को काटने की तैयारी का मामला सामने आया है। जबकि नियमों के अनुसार उत्पादन कटाई में केवल उम्रदराज़ और आयु पूर्ण पेड़ों को ही काटने की अनुमति होती है। इन पेड़ों को काटकर डिपो तक पहुंचाया जाता है और बाद में लॉट के हिसाब से ऑनलाइन या मैन्युअल नीलामी की जाती है। सूत्रों के मुताबिक कई ताज़ा और जवान पेड़ों पर रंग से स्पष्ट मार्किंग कर कटाई तय कर दी गई है, जो स्पष्ट रूप से नियमों की अवहेलना है।

लगभग 250 पेड़ों पर की जा चुकी है मार्किंग

जानकारी के अनुसार कम्पार्टमेंट नंबर 1494 में सागौन पेड़ों की कटाई विभागीय स्तर पर स्वीकृत की गई है। कट लगाए जाने के बाद पेड़ों को गेरू से चिन्हित किया गया है। सूत्र बताते हैं कि जिन पेड़ों पर निशान लगाए गए हैं उनमें बड़ी संख्या ऐसे पेड़ों की है जो पूरी तरह हरे-भरे, ऊंचाई में बड़े और अभी उत्पादन कटाई की श्रेणी में नहीं आते। इतना ही नहीं, कई सूखे पेड़ों को भी मार्किंग कर दिया गया है, जबकि नियम के अनुसार सूखे वृक्षों को पक्षियों के बैठने और जैव विविधता संरक्षण के लिए छोड़ा जाना अनिवार्य है। ग्राउंड इनपुट यह भी बताता है कि गिरे-पड़े पेड़ों को खड़े पेड़ों की श्रेणी में दर्शाकर कागज़ों में मार्किंग की गई है, जिससे कटाई का औचित्य साबित किया जा सके। यह सीधे-सीधे नियमों और वन विभाग के दिशा-निर्देशों के खिलाफ है।

उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप की आवश्यकता

यदि मौके की स्थिति वही है जो सूत्र बता रहे हैं, तो यह मामला बेहद गंभीर है और ताज़ा एवं स्वस्थ पेड़ों की बलि रोके जाने के लिए उच्च अधिकारियों द्वारा तुरंत संज्ञान लिए जाने की आवश्यकता है। इससे न केवल नियमों का पालन सुनिश्चित होगा बल्कि मैदानी अमले की लापरवाही या मिलीभगत पर भी रोक लगेगी।

इनका कहना…

इस संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेंगे। वैसे पेड़ों पर मार्किंग का काम टेरीटोरियल सेक्शन द्वारा किया जाता है।

नवीन गर्ग, प्रभारी डीएफओ, उत्पादन वन मंडल बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button