Betul Ki Khabar: आर्मी मैन के साथ रेत कारोबारी ने की मारपीट, दो वाहनों के कांच फोड़े

कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज, कार्रवाई की मांग
Betul Ki Khabar: बैतूल। शहर के बैतूल टाउन फेज-2 क्षेत्र में एक आर्मी जवान के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित जवान ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार नागालैंड में पदस्थ हवलदार अनिल ग्वाले इन दिनों अवकाश पर अपने गृह नगर बैतूल आए हुए हैं। मंगलवार को वे अपने मित्र एवं एक्स आर्मी मैन दिनेश चौरासे के साथ बैतूल टाउन फेज-2 स्थित मकान पर मौजूद थे, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान रेत कारोबारी संजू आर्य वहां पहुंचा और चौपहिया वाहन खड़े होने की बात को लेकर विवाद करने लगा।
बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद विवाद अचानक बढ़ गया और आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि संजू आर्य ने दोनों वाहनों के कांच भी फोड़ दिए, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा। घटना में आर्मी जवान और उनके मित्र को चोटें भी आई हैं। पीड़ित हवलदार अनिल ग्वाले ने बताया कि आरोपी द्वारा क्षेत्र में आए दिन लोगों से विवाद किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ितों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ते विवादों और असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




